जयपुर में आज धुलंडी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। राजनेताओं ने भी आमजन और कार्यकर्ताओं के साथ होली पर्व मनाया। सीएम भजनलाल शर्मा ने आज आमजन के लिए सीएमआर के दरवाजे खोल दिए। सीएम भजनलाल शर्मा पत्नी गीता देवी के साथ चार घंटे आमजन के बीच रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में सीएमआर पहुंचे लोगों ने सीएम भजनलाल शर्मा को रंग लगाया। वहीं, सीएम ने भी इस मौके पर सभी को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। सीएमआर में आने वाले लोगों के लिए मिठाई का भी प्रबंध किया गया था। सीएम को रंग लगाने के बाद लोगों ने सीएमआर में आयोजित दावत का भी लुत्फ उठाया। सतीश पूनिया ने किया डांस, तिवाड़ी ने गाए गीत
इसके अलावा आज जयपुर में पूर्व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी कार्यकर्ताओं के साथ धुलंडी का पर्व मनाया। इस मौके पर उन्होंने चंग पर थाप भी दी और कार्यकर्ताओं के साथ डांस भी किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर उठाया, उसके बाद पूनिया जमकर नाचे। वहीं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने शेखावटी में होली के गीत गाए। उन्होंने भी अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के लिए होली समारोह का आयोजन किया था। गहलोत ने रखा होली मिलन समारोह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने सरकारी आवास पर आज शाम होली स्नेह मिलन कार्यक्रम रखा। इसमें उन्होंने कार्यकर्ता और नेताओं से मुलाकात की। इसके अलावा पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी आज अपने निजी आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें रंग लगाकर शुभकामनाएं दी। पूर्व मंत्री खाचरियावास पारंपरिक लोकगीतों पर जमकर थिरके और ढपली भी बजाई।
