सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। राजीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मनिर्भर बनकर रोजगार के पर्याप्त अवसर प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान को बनाए रखने के लिए देशभर में शौचालयों का निर्माण, धुंए से मुक्ति दिलाने के लिए उज्ज्वला योजना के माध्यम से घर-घर तक रसोई गैस और पीने के पानी के लिए हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य केन्द्र सरकार द्वारा किया जा रहा है। जल संरक्षण के महत्व को समझाया
दरअसल, सीएम आज राजसमंद पहुंचे थे। उन्होंने भिक्षु निलियम परिसर में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व को समझाते हुए आमजन से अपील भी की। कहा कि सभी बरसात के मौसम में जल का संरक्षण करें। प्रदेश में पानी की समस्या प्रमुख समस्या है, यदि प्रदेश में पानी की उपलब्धता रहेगी तो खुशहाली भी होगी। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में आमजन जल संरक्षण करेंगे तो जमीन का जल स्तर पर ऊपर आएगा और पेड़ हरे भरे होंगे व हरियाला राजस्थान बनेगा। अधिक से अधिक लोग जल संरक्षण में अपना योगदान दे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि एक पेड़ अपनी मां के नाम अवश्य लगाए। सभा में मुख्यमंत्री ने हल्दीघाटी युद्ध विजय दिवस पर बोलते हुए महाराणा प्रताप के शौर्य को याद किया। इस विजय को स्वाभिमान और सत्य की विजय बताया। राजसमंद झील की आरती उतारी
इससे पूर्व सीएम डबोक एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन में बनाए हेलीपेड पर पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने द्वारिकाधीश मंदिर में राजभोग झांकी के दर्शन किए। फिर मुख्यमंत्री राजसमंद झील पहुंचे और राजसमंद झील की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर झील की आरती उतारी। साथ ही झील पर पौधारोपण कर प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इसके बाद राजसमंद झील से मुख्यमंत्री सीधे भिक्षु निलियम परिसर पहुंचे, जहां वंदे गंगा अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, दीप्ति माहेश्वरी, कलेक्टर बाल मुकुंद असावा, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी सहित प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
