सीकर में आज शेखावाटी उत्सव में ऊंट और घोड़ियों ने करतब दिखाए। दादा-पोते की जोड़ी ने घोड़ियों को डांस करवाया। वहीं ऊंटों ने उत्सव में आए अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। उत्सव की शुरुआत में आज सुबह करीब 8 बजे शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें अलग-अलग जिलों से आए लोक कलाकारों ने प्रस्तुति दी। 5.5 फीट की मूंछ रखने वाले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के गार्ड महेंद्र सिंह भी जयपुर से पहुंचे। बता दें कि पर्यटन विभाग की ओर से प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में स्थानीय नामों से ऐसे फेस्टिवल का आयोजन होता है। सीकर में इस बार पांचवीं बार शेखावाटी उत्सव हो रहा है। हर साल शेखावाटी उत्सव लक्ष्मणगढ़ में होता है। ये पहला मौका है, जब सीकर शहर के जयपुर रोड स्थित अरबन हाट में इसका आयोजन किया जा रहा है। शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने किया डांस सुबह 8 बजे जाट बाजार से शोभायात्रा निकाली गई। पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी चंग की धुन पर डांस करते हुए नजर आए। पर्यटन विभाग की सहायक निदेशक अनु शर्मा ने भी डांस किया। शोभायात्रा स्टेशन रोड,कल्याण सर्किल होते हुए अरबन हाट पहुंची। यहां ऊंटों ने माला पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। ऊंटों और घोड़ियों ने किया डांस शोभायात्रा के हाट बाजार पहुंची। हाट बाजार में ऊंटों और घोड़ियों के करतब की प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में 10 ऊंट और 12 घोड़ियों के करतब दिखाए। सीकर और दूसरे जिलों से आए पशुपालकों ने अपने ऊंट और घोड़ियों के करतब दिखाए। इस दौरान झुंझुनूं से आए नेकीराम और उनके पोते रॉकी गढ़वाल के ऊंट और घोड़ी के डांस से सुर्खियां बटोरी। 5.5 फीट की मूंछों वाले महेंद्र सिंह भी पहुंचे कार्यक्रम के पहले दिन शोभायात्रा में जयपुर निवासी महेंद्र सिंह भी शामिल हुए। महेंद्र की मूंछे 5.5 फीट की है। करीब 10 साल से उन्होंने मूंछें नहीं कटवाई है। हर दिन करीब एक से डेढ़ घंटे तक अपनी मूंछों की देखभाल करते हैं। महेंद्र ने बताया- वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में गार्ड की नौकरी करते हैं। शुरुआत में शौकिया तौर पर मूंछ रखना शुरू किया था। इसके बाद लोगों को उनकी मूंछें काफी पसंद आई। कई लोगों ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाए। तब से उन्होंने अपनी मूंछों को नहीं कटवाया। ऊंटों ने अधिकारियों को माला पहनाई कार्यक्रम में आज मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सीईओ राजपाल सिंह, एडीएम सिटी भावना शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ऊंट और घोड़ियां की करतब प्रतियोगिता शुरू होने के पहले ऊंटों ने प्रशासनिक अधिकारियों को माला पहनाई। शाम को सांस्कृतिक संध्या शेखावाटी उत्सव में आज शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। लोक कलाकारों की ओर से कालबेलिया,भवई, मयूर डांस परफॉर्म किया जाएगा। वहीं कल सुबह स्मृति वन में योगा फॉर ऑल कार्यक्रम होगा। इसके बाद अरबन हाट में रस्सा-कस्सी, मटका दौड़ जैसी प्रतियोगिता होगी। इसके बाद शाम को सिंगर रविंद्र उपाध्याय भी परफॉर्म करेंगे। शेखावाटी उत्सव को फोटो में देखिए-