Site icon Raj Daily News

सीकर में आज आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट:5 जून तक मिलेगी गर्मी से राहत,4-5 दिन 45 डिग्री से कम रहेगा अधिकतम तापमान

प्रदेश के मौसम में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो चुका है। इसके असर से सीकर में बीती रात 10 बजे से कई इलाकों में बारिश हुई। बारिश के चलते जहां तापमान में तो गिरावट आई है वहीं गर्मी भी कम हुई है। हालांकि सुबह धूप निकलने के साथ ही उमस भी है। फिलहाल मौसम एक्सपर्ट्स की मानें तो सीकर में 5 जून तक आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। आज सीकर में आंधी चलने और बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आज यहां न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रहा। इससे पहले रविवार को यहां पर न्यूनतम तापमान 29.5 और अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री रहा था। रविवार को बादलों की आवाजाही के बीच सीकर में पूरे दिन उमस रही थी। मौसम एक्सपर्ट्स के मुताबिक प्रदेश के मौसम में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के चलते ज्यादातर इलाकों में आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। सीकर में भी 5 जून तक 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। प्रदेश के समस्त इलाकों में दोपहर में तापमान भी 45 डिग्री से कम रहेगा। वहीं जयपुर मौसम केंद्र के द्वारा आज सीकर में बारिश होने के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद यहां 3 से 5 जून तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Exit mobile version