प्रदेश के मौसम में एक्टिव होने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते एक बार फिर सीकर सहित कई जिलों में मौसम में बदलाव आने वाला है। सीकर में कल बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही यहां पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। कल सीकर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि आज सुबह मौसम साफ है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आज सुबह न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले मंगलवार को यहां न्यूनतम तापमान 10.4 और अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया था। मंगलवार को ज्यादातर समय सीकर में मौसम साफ रहा था। हालांकि सुबह और रात के समय सीकर में अभी भी ठंडक का एहसास जारी है। मौसम एक्सपर्ट्स की मानें तो प्रदेश के मौसम में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने वाला है। इसके चलते 20 और 21 मार्च को भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। सीकर में भी 20 मार्च को इसका असर देखा जा सकता है। जयपुर मौसम केंद्र के द्वारा सीकर में 20 मार्च को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि 22 मार्च से एक बार फिर मौसम ड्राई होना शुरू हो जाएगा। मार्च अंत तक तापमान में बढ़ोतरी होगी।