प्रदेश में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से सीकर में बीती रात करीब 9 बजे बाद से तेज आंधी चली। आंधी चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। आंधी के चलते कई लोगों को नुकसान भी हुआ। शहर में जगह-जगह धूप से बचाव के लिए लगाए गए टेंट उखड़ गए। आंधी के चलते सीकर में बीती रात नानी बीहड़ इलाके में आग भी लगी। हालांकि बूंदाबांदी होने से आगे खुद ही कम भी हो गई। फिलहाल मौसम विशेषज्ञों की माने तो सीकर में आज और कल भी आंधी चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह इस सीजन का सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि इससे पहले बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया था। बुधवार दोपहर बाद से ही सीकर में आसमान में घने बादल छा चुके थे। मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से 12 अप्रैल तक प्रदेश के कई इलाकों में आंधी और बारिश होने की संभावना है। सीकर में 11 अप्रैल तक इसका असर रह सकता है। आंधी और बारिश होने के चलते अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में भी दो से चार डिग्री की गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। जयपुर मौसम केंद्र के द्वारा सीकर में आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कल 11 अप्रैल को 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।