Site icon Raj Daily News

सीकर में दोपहर में बदला मौसम,बूंदाबांदी हुई:14-15 मार्च को बारिश का अलर्ट,तेज हवाएं चलेगी

सीकर में आसमान में सुबह हल्के बादल छाए रहे। दोपहर में अचानक मौसम बदल गया। करीब 2 से 3 मिनट तक सीकर शहर में बूंदाबांदी भी हुई। सीकर में 14 और 15 मार्च को बारिश होने के आसार हैं। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार सुबह यहां न्यूनतम तापमान 13.8 और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया था। बुधवार को ज्यादातर समय मौसम साफ रहा था। मौसम एक्सपर्ट्स की मानें तो 13 से 16 मार्च तक प्रदेश में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर रहने वाला है। जिसके चलते उत्तर पश्चिम और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। 14 और 15 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर ज्यादा प्रभावी होगा। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक अगले 48 घंटे में तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। लेकिन 14 मार्च के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं केंद्र के द्वारा 14 और 15 मार्च को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।

Exit mobile version