सीकर के स्वर्णकार भवन में सावन पर श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राम कथा महोत्सव के पहले दिन आज गोपीनाथजी के मंदिर से महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शहर वासियों द्वारा कलश यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। आयोजन समिति के जानकी प्रसाद इंदौरिया ने बताया कि श्रीराम कथा महोत्सव में आज भव्य कलश यात्रा निकाल कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई वापस कथा स्थल पर पहुंची। कथा में कल शिव-पार्वती विवाह उत्सव होगा और 25 जुलाई को श्रीराम का जन्मोत्सव होगा। इसके साथ ही 31 जुलाई को राज्याभिषेक और हवन की पूर्ण आहुति होगी। श्रीराम कथा का वाचन बाल व्यास अमन शास्त्री (अयोध्या धाम) वाले कर रहे है। आयोजन समिति के शिव प्रकाश सोनी ने बताया कि श्रीराम कथा आगामी 9 दिनों तक चलेगी। कथा को लेकर शहर वासियों में काफी उत्साह है और लोग दूर-दराज से कथा सुनने के लिए स्वर्णकार भवन में पहुंच रहे हैं।