राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर दिए गए विवादित बयान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रदेशभर में जोशी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं सीकर में भी आज यूथ कांग्रेस ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए सीपी जोशी का पुतला फूंका और नारेबाजी की। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकुल खीचड़ ने कहा कि राजस्थान के सम्मानजनक पद पर बैठे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी द्वारा राहुल गांधी पर बयान दिया गया है। विवादित बयान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आमजन में आक्रोश है। जोशी को अपने बयान के लिए कांग्रेस से माफी मांगनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर सीपी जोशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें कि सीपी जोशी के भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें जोशी कह रहे हैं कि जो लोग बीफ खाते हैं वह संसद में भगवान शिव की तस्वीर दिखाते हैं। भारतीय लड़ाई में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तनाव है और राहुल गांधी चीन के राजदूत के साथ बैठते हैं। जोशी के बयान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
सीकर में यूथ कांग्रेस ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंका:जिलाध्यक्ष खीचड़ बोले- विवादित बयान पर जोशी कांग्रेस से माफी मांगे, कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया
