सीकर के सदर थाना इलाके में आज सुबह सरकारी कर्मचारी ने सुसाइड कर लिया। कर्मचारी ने अपनी गाड़ी में खुद को अवैध हथियार से गोली मार ली। पास से गुजर रहे लड़के ने गोली की आवाज सुनी। सूचना पर सीओ सिटी शाहीन सी,सदर थानाधिकारी इंद्रराज मरोड़िया सहित सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल शव को एसके हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। थानाधिकारी इंद्रराज मरोड़िया के अनुसार घटना सत्यम सिटी के पास की है। मृतक अजीत सिंह(42) निवासी विद्याधर नगर जयपुर है। जिसने पिस्टल से खुद को गोली मार ली। आज करीब 10 बजे पुलिस थाने पर सूचना मिली। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। यहां गाड़ी में वह जिंदा था। जिस एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। गाड़ी से अजीत सिंह के आईडी कार्ड और पिस्टल मिली है। फिलहाल परिजनों को सूचना दे दी गई है। थानाधिकारी के अनुसार गाड़ी से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसके अनुसार आर्थिक तंगी के चलते सुसाइड करना पाया गया। साथ ही उसने अपने रिश्तेदारों और मिलने वालों से माफी भी मांगी। घटनास्थल के नजदीक वर्कशॉप के मालिक विजेंद्र ढाका ने बताया कि उनके यहां जावेद नाम का लड़का नौकरी करता है। आज वह दूध लेकर वापस लौट रहा था तो उसने गोली चलने की आवाज सुनी। घटना के वक्त वह गाड़ी से करीब 20 फीट की दूरी पर था। उसने जाकर विजेंद्र को पूरी बात बताई। ऐसे में विजेंद्र ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गाड़ी में मिले राजस्थान सरकार के आईडी कार्ड के अनुसार मृतक अजीत सिंह महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग में सीनियर असिस्टेंट के पद पर नौकरी कर रहा है। जिसकी वर्तमान में पोस्टिंग सीडीपीओ नावां में है।