भास्कर न्यूज| कोटा. हम लोग संस्था ने पलाश बीजारोपण की मुहिम से युवाओं को जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया। शिवपुरा के छात्र-छात्राओं द्वारा झालावाड़ हाईवे से सटे वन क्षेत्र में एक बार फिर से पलाश का बीजारोपण किया। इस अवसर पर हम लोग संस्था के संयोजक डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि देश भर में सर्वत्र उत्सव के रूप में पौधारोपण किया जा रहा है, जो पर्यावरण के लिए बहुत सकारात्मक परिणाम देने वाला है, लेकिन वनों में बीजारोपण भी महत्वपूर्ण है। इससे अंकुरित व पल्लवित पौधा प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपने आपको जीवित रखता है, जिस क्षेत्र में बीजारोपण से वनों का पुनर्स्थापना किया है, वह वन क्षेत्र अधिक जैव विविधता ओर संपूर्णता से विकसित होते हैं। इस दौरान वन औषधि विशेषज्ञ पृथ्वीपाल सिंह सिरोहिया ने बीजारोपण की विधि छात्र-छात्राओं को विस्तार से समझाईं और पलाश के वृक्ष को वन व जैव विविधता में विशेष बताते हुए कहा कि शोध में पाया गया है कि कम उम्र का पलाश का पेड़ अन्य प्रजाति के वयस्क पेड़ से अधिक मात्रा में कार्बन संचयन व जल भंडारण करता है। इस अभियान में एमएम सिंह, समाजसेवक कुंदन चीता, एडवोकेट बीटा स्वामी, हर्षाली श्रीवास्तव, देव शर्मा, डॉ. विभु बल्दुआ, सुशील कुमार सिंह, गिरिराज गोचर एवं राजू गुप्ता के साथ पर्यावरण प्रेमियों ने सहयोग किया।
हम लोग संस्था ने पलाश बीजारोपण की मुहिम से युवाओं को जोड़ने का अभियान शुरू किया
