धौलपुर में प्रेम, श्रद्धा और भाईचारे का त्योहार होली होलिका दहन के साथ शुरू हो गया। इस बार होलिका दहन का मुहूर्त रात 11:36 से 12:15 तक निर्धारित था, लेकिन खराब मौसम और बारिश की आशंका के चलते कई स्थानों पर लोगों ने रात 11 बजे ही होलिका दहन कर दिया। पुलिस ने होलिका दहन को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। जिले भर में अलग-अलग स्थानों पर रखी गई होलिका में लोगों ने लोकगीतों के साथ होलिका का दहन किया। होलिका दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। धौलपुर में लोगों ने होलिका दहन के मौके पर सुख-समृद्धि की कामना की। नई फसल को होलिका में भूनकर प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। होलिका दहन के साथ तीन दिन तक चलने वाले होली पर्व की शुरुआत हो गई है। धुलंडी के दिन रंग और गुलाल से होली खेली जाएगी।
होलिका दहन के साथ होली पर्व की शुरुआत:खराब मौसम के कारण कई जगह मुहूर्त से पहले ही जलाई होली, पुलिस का कड़ा पहरा
