घर के पास खाली प्लॉट के बाहर खेल रही 5 साल की बच्ची पर 100 किलो का पत्थर (पट्टी) गिर गया। पत्थर के नीचे दबने से बच्ची का सिर चकनाचूर हो गया। मौके पर खून ही खून हो गया। परिजन ने तुरंत उसे पत्थर के नीचे से निकाला। वे उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला पाली के कोतवाली थाना इलाके के आशापुरा नगर का बुधवार सुबह 10 बजे का है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें 2 फीट जमीन में गड़ा करीब 8 फीट लंबा पत्थर उखड़कर बच्ची पर गिरता नजर आ रहा है। पत्थर 5 इंच मोटा और एक फीट चौड़ा है। पाली के बांगड़ हॉस्पिटल के डॉक्टर बृजेश ने बताया- बच्ची को जब हॉस्पिटल लेकर आए तो भारी पत्थर गिरने से बच्ची का सिर क्रैश (चकनाचूर) हो चुका था। उसकी स्कल बोन (खोपड़ी की हड्डी) फट गई थी। हमने सर्जन-पीडियाट्रिशियन से जांच करवाई। लेकिन, बच्ची की मौत हो चुकी थी। 4 तस्वीरों से समझिए पूरा हादसा… पत्थर के पास खेल रही थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, आशापुरा नगर निवासी शाहरुख खान की बेटी सोफिया (5) सुबह करीब 10 बजे पड़ोस में रहने वाले बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान खेल-खेल में वह घर के साइड में खाली प्लॉट के बाहर चली गई। वहां करीब 100 किलो का पत्थर गड़ा था। पत्थर का एक सिरा करीब 2 फीट जमीन के अंदर था। उसका 6 फीट हिस्सा बाहर सीधा खड़ा था। बच्ची पत्थर के पास खेल रही थी। इस दौरान अचानक पत्थर उखड़ कर बच्ची के सिर पर आ गिरा। उसका आधा शरीर इसके नीचे दब गया। उसका सिर फट गया। बच्ची के साथ खेल रहा पड़ोस का एक बच्चा तुरंत घर आया और उसने परिजन को हादसे की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे। पत्थर को हटाकर बच्ची को निकाला। वह निढाल हो चुकी थी। परिजन उसे लेकर बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पिता काम पर गए थे
जब हादसा हुआ, उस समय बच्ची के पिता शाहरुख खान फैक्ट्री में काम करने गए थे। उन्हें सूचना मिली तो वे ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर सुनकर मॉर्च्युरी के बाहर रोने लगे। बच्ची की मां सुल्ताना और दादी सायरा बानो भी बदहवास स्थिति में हैं। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। पत्थर खड़े करके बना रखी है प्लॉट की बाउंड्री
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी ऊषा यादव घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बच्ची के परिजन और मोहल्लेवासियों से हादसे के बारे में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि बच्ची के घर के पास में खाली प्लॉट है। इसके एक कोने में ट्रांसफॉर्मर भी लगा हुआ है। प्लॉट की बाउंड्री पर पत्थर खड़े किए गए हैं, जिनका एक सिरा जमीन में गड़ा है। साथ ही जाली भी लगी हुई है। दादी बोले- यहां से पत्थर हटवाए जाएं
सोफिया की दादी सायरा बानो ने कहा कि ये प्लॉट किसी वकील का है। यह प्लॉट मालिक की लापरवाही है। ये चीण (पत्थर) हटवाने चाहिए। बच्चे यहां गली में खेलते रहते हैं। आज हमारी बच्ची गई है। कल किसी और के साथ हादसा हो सकता है। यहां खाली प्लॉट में लगी DP भी हटवाई जाए।
