राजस्थान पुलिस ने 25 शादियां कर चुकी 23 साल की लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। उसके दो बच्चे भी हैं। हर शादी से पहले महिला ने फर्जी आधार कार्ड बनवाया। सभी शादियों में महिला के असली पति ने भाई बनकर गवाही दी। लुटेरी दुल्हन का गिरोह राजस्थान, MP, UP और बिहार में सक्रिय था। फर्जी शादी के लिए दलाल लड़का ढूंढते थे। दलाल लड़के से कितने भी रुपए ले, लुटेरी दुल्हन को हर शादी के 50 हजार रुपए मिलते हैं। फर्जी शादी के 5 से 10 दिन बाद ही लुटेरी दुल्हन फरार हो जाती थी। पुलिस ने दावा किया है कि लुटेरी दुल्हन 25 शादियां करना कबूल कर चुकी है। पुलिस का मानना है कि फर्जी शादियों का आंकड़ा इससे भी ज्यादा हो सकता है। पूरा गिरोह भोपाल से ऑपरेट हो रहा था। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… राजस्थान में दर्ज हुए दो मामले पुलिस ने फर्जी ग्राहक बनकर पकड़ा
मानटाउन (सवाई माधोपुर) थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इंवेस्टिगेशन में सामने आया कि ठगी करने वाली महिला अनुराधा भोपाल में है। इसके बाद पुलिस की एक टीम एएसआई मीठालाल के नेतृत्व में भोपाल पहुंची। वहां एक पुलिसकर्मी शादी के लिए बोगस ग्राहक बना। इसके बाद अनुराधा पुलिस के सामने आ गई। वहीं से पुलिस ने अनुराधा को गिरफ्तार कर लिया और सवाईमाधोपुर ले आए। सवाईमाधोपुर में अनुराधा की गिरफ्तारी होने के बाद चित्तौड़गढ़ डूंगला पुलिस ने भी अनुराधा और उसके पति विशाल को गिरफ्तार कर लिया। भोपाल से गिरोह ऑपरेट, कई जिलों के दलाल संपर्क में
गैंग में अनुराधा के अलावा भोपाल निवासी रोशनी, सुनीता, रघुवीर, गोलू, मजबूत सिंह यादव शामिल हैं। इन सभी लोगों का अलग-अलग प्रदेशों में लोकल एजेंटों से सम्पर्क है। लोकल एजेंट के जरिए यह लोग शादी के इच्छुक व्यक्तियों से सम्पर्क करते और मोबाइल पर दुल्हन की फोटो दिखाते। दुल्हन पसंद आने के बाद यह लोग 2 से 5 लाख रुपए की डिमांड करते। एडवांस पैसा मिलने के बाद यह फर्जी तरीके नाम पते के आधार पर शादी का एग्रीमेंट बना कर लोगों को ठगते। शादी के बाद गिरोह के सम्पर्क में आई
अनुराधा और विशाल की 2022 में शादी हुई थी। विशाल पेशे से ऑटो ड्राइवर है। शादी के बाद दोनों रूद्र शिवनाथ, महाराजगंज (UP) से भोपाल आ गए थे। यहां अनुराधा के एक बेटा और बेटी हुए। करीब 2 साल पहले अनुराधा फर्जी शादी करवाने वाले गिरोह के सम्पर्क में आ गई। दलालों ने उसे फर्जी शादी करने पर 50 हजार रुपए देने का लालच दिया। अनुराधा तैयार हो गई। अनुराधा और विशाल ने अपने दोनों बच्चों को गांव दादा-दादी के पास छोड़ दिया। उसके बाद फर्जी शादी करने वाले गिरोह में सक्रिय हो गए। जहां भी रिश्ता देखने वाले आते तो विशाल अनुराधा का भाई बन जाता और फर्जी शादी करवा देता। इस तरह से काम करता है लुटेरी दुल्हन गैंग कई बार पकड़े जाने पर रुपए भी लौटाए
अनुराधा और विशाल के साथ एक दलाल भी होता था, जो रिश्ते करवाने में मदद करता था। विशाल खुद को अनुराधा का भाई बताकर सामने वाले परिवार से रिश्ता तय करता और शादी करवा देता। शादी के कुछ दिनों बाद अनुराधा घर से नगदी और जेवर लेकर भाग जाती थी। पुलिस ने बताया कि कई बार पकड़े जाने पर ये लोग रुपए लौटा देते थे, जिससे कई मामले कोर्ट तक नहीं पहुंचे। जहां ये पकड़े नहीं जाते, वहां लोगों की गाढ़ी कमाई को शौक-मौज में उड़ा देते थे। नागौर और MP में भी रुपए लौटाने की बात सामने आई है। यह खबर भी पढ़े… पति बनता था भाई, पत्नी बनती थी दुल्हन:फर्जी शादी कर लाखों रुपए लूटे, MP और राजस्थान में फैलाया जाल-अब जेल में दोनों चित्तौड़गढ़ की डूंगला पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके असली पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला 25 से ज्यादा फर्जी शादियां कर लोगों से लाखों रुपए ऐंठ चुकी हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हर बार उसकी शादी करवाने वाला उसका अपना पति ही होता था, जो खुद को उसका भाई बताकर लोगों को झांसे में लेता था। पढ़ें पूरी खबर…
