उम्र- 23 साल… जुर्म- 25 लड़कों से शादी….। महराजगंज की अनुराधा पासवान ने 7 महीने में 25 लड़कों से शादी की और उन्हें लूटकर फरार हो गई। 26वां दूल्हा एक सिपाही बनने वाला था, जो जाल बिछाकर शादी करने पहुंचा था। आखिरकार वह पकड़ी गई। इस समय राजस्थान के सवाई माधोपुर पुलिस की गिरफ्त में है। अनुराधा महराजगंज में कोल्हुई थाना क्षेत्र के रुद्रपुर शिवनाथ गांव की रहने वाली है। 8वीं तक पढ़ी अनुराधा ने विशाल पासवान के साथ लव मैरिज की थी। दो बच्चे हैं। 6 साल की बेटी और 3 साल का बेटा। बेटी अपने दादा के साथ रहती है। भास्कर टीम अनुराधा के गांव पहुंची, उसके बारे में जाना। सिलसिलेवार पढ़िए रिपोर्ट… लव मैरिज के एक साल बाद लापता हो गई अनुराधा ने 2018 में महराजगंज के रुद्रपुर शिवनाथ निवासी विशाल पासवान से लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों घर से अलग रहने लगे। वह एक अस्पताल में काम करती थी। लेकिन उसका ससुराल में आए दिन झगड़ा होता था। 2021 में वह ससुराल छोड़कर फरार हो गई। पति विशाल भी उसके साथ चला गया। अनुराधा और विशाल ने परिवार से नाता तोड़ दिया। मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद परिवार को पता चला कि अनुराधा भोपाल में रह रही है। अब तक की जांच में सामने आया कि अनुराधा वॉट्सऐप के जरिए शादी कराकर लूटने वाले गैंग से जुड़ी थी। उसने 7 महीने में 25 शादियां कीं। पुलिस को उसके पास से कई दस्तावेज और कागज भी मिले हैं। अनुराधा की गैंग में कई मेंबर हैं। रोशनी, सुनीता, रघुवीर, गोलू और अर्जुन के साथ मिलकर वह काम करती थी। शादी का झांसा देकर नगदी, मोबाइल और गहने लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस अब अनुराधा से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच कर रही है। ससुर बोले- बेटे और बहू ने संबंध खत्म कर दिए थे
विशाल के पिता रामभवन ने ऑन कैमरा बात करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया, बेटे विशाल ने 2018 में अनुराधा के साथ लव मैरिज की थी। अनुराधा नौतनवां थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार की रहने वाली है। शादी के बाद दोनों लोग घर से अलग हो गए थे। रोजी-रोजगार के सिलसिले में दोनों बाहर कमाने चले गए। घर-परिवार वालों से तभी से नहीं कोई मतलब नहीं था। विशाल ने तब से कभी फोन नहीं किया। इस समय वह कहां है, पता नहीं है। पड़ोसी शिवनारायण गुप्ता ने बताया- विशाल मेरा पड़ोसी था। इनके 2 बच्चे भी हैं। बेटी बड़ी है। वह अपने दादा-दादी के साथ यहां रहती है। शादी के बाद से ही विशाल यहां से चले गए थे। इसके बाद लौट कर नहीं आए है। कैसे गिरफ्तार हुई अनुराधा? शादी के 3 दिन बाद कैश-जेवर लेकर फरार हो गई
3 मई, 2025 को राजस्थान के मान टाउन में रहने वाले विष्णु शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने FIR में लिखवाया कि उसे खंडवा में रहने वाले सुनीता और पप्पू मीना ने मनपसंद लड़की से शादी करवाने का झांसा दिया। दोनों ने भोपाल में रहने वाली अनुराधा का फोटो दिखाया। इसके बाद सवाई माधोपुर कोर्ट में फर्जी एग्रीमेंट के जरिए 2 लाख रुपए लेकर मेरी और अनुराधा की शादी करा दी। शादी के महज 3 दिन बाद ही अनुराधा घर से कैश, जेवर और मोबाइल लेकर भाग गई। पीड़ित ने बताया कि वह ठेला लगाते हैं। उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर शादी की थी। उन्होंने मोबाइल भी उधार लिया था, जिसे भी लेकर अनुराधा भाग गई थी। सिपाही को कस्टमर बनाकर भेजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई। टीम ने भोपाल में स्थानीय मुखबिरों की मदद से फर्जी शादी गैंग से संपर्क किया। टीम के एक सिपाही को अविवाहित बताकर फर्जी शादी कराने की योजना बनाई गई। इसी दौरान एजेंट की दिखाई गई तस्वीरों में फरार अनुराधा की पहचान हुई। टीम ने भोपाल के कालापीपल स्थित पन्नाखेड़ी गांव में दबिश देकर अनुराधा को गिरफ्तार कर लिया। अनुराधा हाल ही में एक और फर्जी शादी की थी और भोपाल में रह रही थी। 2 से 5 लाख रुपए तक वसूल कर शादी करवाते थे
पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह गैंग भोपाल से ऑपरेट होता था। गैंग में रोशनी, सुनीता, रघुवीर, गोलू, मजबूत सिंह यादव, अर्जन नाम के सदस्य शामिल हैं। ये लोग भोपाल के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं। मोबाइल पर शादी के इच्छुक लोगों से संपर्क कर महिलाओं के फर्जी फोटो दिखाते थे। फिर लड़कों से 2 से 5 लाख रुपए तक वसूल कर शादी करवा देते थे। शादी के 3-4 दिन बाद ही दुल्हन बनी युवती घर का सारा माल समेटकर भाग जाती थी। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। ठगे गए अन्य पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस चोरी किए गए जेवर और कैश बरामद करने की भी कोशिश कर रही है। ——————– आगरा की यह स्टोरी भी पढ़िए… सुहागरात पर भागी लुटेरी दुल्हन के मामा-फूफा सब नकली:आगरा में मां बोलीं- बिचौलिया वकील धमकी दे रहा, CCTV में 6 लड़के ले जाते दिखे ‘बेटा पेटीज का ठेला लगाता है। उसकी शादी के लिए बहुत मेहनत से पाई-पाई जोड़ी थी, मगर दुल्हन एक ही रात में सब कुछ लूट ले गई। हम तो मुंह दिखाने लायक भी नहीं बचे।’ यह सब कहते हुए मां कुसुमा रोने लगती हैं। वह कहती हैं, आप समझिए कि 10 दिन से हमारे घर में चूल्हा तक नहीं जला। बेटा वो सब याद करके रोता रहता है। पुलिस हमें भगा देती थी, उधर बिचौलिया कहता रहा कि तुम लोगों को झूठे केस में फंसा देंगे। दरअसल, 5 मई की रात को शादी की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन आतिमा दूल्हे रिंकू के कमरे में गई। उसने रिंकू को दूध पिलाया। इसके बाद रात को वही दूध घर वालों को भी दिया। उसमें अमिता ने पहले से नशीला पदार्थ मिला रखा था। दूध पीने के बाद पूरा परिवार बेहोश हो गया। दुल्हन घर से 1 लाख 30 हजार रुपए और जेवर लेकर फरार हो गई। बाद में जब आसपास के CCTV देखे गए, तब पता चला कि युवती को लेने के लिए 6 लोग आए थे। अब पुलिस दुल्हन गैंग के इन किरदारों की धरपकड़ के लिए प्रयास कर रही है। सिलसिलेवार पूरी कहानी पढ़िए…