दी डूंगरपुर सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक की 50वीं वार्षिक साधारण सभा शनिवार को आयोजित की गई। बैंक को मार्च 2024 तक 619 लाख रुपए का फायदा हुआ। जबकि बैंक ने 28550 लाख के फ़सली ऋण किसानों को बांटे। वार्षिक साधारण सभा में बैंक के आय व्यय का लेखा जोखा पेश किया गया। दी सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक की साधारण सभा अध्यक्ष गोवर्धन पाटीदार की अध्यक्षता में हुई। इसमें 27 मार्च 2023 को आयोजित वार्षिक आमसभा की कार्यवाही पेश की गई। 2022- 23 ओर 2023- 24 का आय व्यय का ब्योरा रखा गया। अध्यक्ष गोवर्धन पाटीदार ने बताया कि बैंक को 31 मार्च 2024 तक 619.38 लाख का संचित फायदा मिला है। वहीं, बैंक की हिस्सा राशि में 257.95 लाख की बढ़ोतरी हुई है। बैंक की ओर से 2023-24 में मुफ्त अल्पकालीन फसली ऋण योजना के तहत 53 हजार 412 किसानों को 28550.85 लाख रुपए का फसली ऋण वितरण किया गया। बैंक ने अगले कार्यक्रम के तहत अमानत के स्तर 32500 लाख करने का टारगेट रखा है। वही विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 30 हजार 800 लाख के ऋण वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा की ओर से वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारी वर्ष घोषित किया गया हैं। इसके तहत पैक्स कंप्यूटराइजेशन, खाद्य सुरक्षा योजना को सुनिश्चित करने के लिए विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना, कॉमन सेवा केंद्र बनाने, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप, पेट्रोल पंप डीलरशिप, ग्रामीण स्तर पर जैनेरिक दवाइयों के लिए जन औषधि केंद्र विकसित करने के काम किए जाएंगे।