राजस्थान में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। सोमवार सुबह सीकर और बहरोड़ में बारिश हुई। दोपहर बाद नीमकाथाना, डूंगरपुर, भीलवाड़ा और जालोर में भी बरसात हुई। रविवार रात पानी भरने के कारण बीकानेर के करणी माता मंदिर की दीवार गिर गई। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। आज (सोमवार) प्रदेश के कुल 30 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां तेज हवा भी चल सकती है। केवल बीकानेर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश का अलर्ट नहीं है। 14 जुलाई तक प्रदेश में 127.4 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 10 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले 24 घंटे में जोधपुर, टोंक और नागौर में अच्छी बारिश हुई है। टोंक की सड़कों पर तो 2-2 फीट तक पानी भर गया था। घरों-दुकानों में भी पानी घुस गया है। करणी माता मंदिर की दीवार गिरी
रविवार रात बीकानेर के देशनोक स्थित करणी माता मंदिर की दीवार बारिश के पानी के कारण ढह गई। दीवार काफी पुरानी थी। इसके आसपास पानी भर गया था। इस वजह से नीचे का हिस्सा धराशायी हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई नहीं था। नीमकाथाना, डूंगरपुर और जालोर में दोपहर बाद बदला मौसम
बहरोड़ में सोमवार सुबह मौसम साफ था। 10.30 बजे के करीब अचानक मौसम बदला। 10 मिनट तक बारिश हुई। अब पूरे शहर में बादल छाए हैं। सीकर में सुबह करीब 11:55 बजे बारिश शुरू हुई। 15 मिनट तक तेज बारिश होने के बाद रुक गई। करीब 10 मिनट बाद फिर से पानी गिरना शुरू हुआ। लोगों को उमस से राहत मिली है। सीकर शहर में पिछले 24 घंटे में 6 एमएम बारिश रिकाॅर्ड की गई है। नीमकाथाना में दोपहर करीब 1 बजे मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश हुई। वहीं जालोर में बरसात से कोर्ट परिसर और कलेक्ट्रेट के बाहर पानी भर गया। डूंगरपुर में शाम 4 बजे शहर से सटे खेड़ा, वसी और दोवड़ा इलाकों में हवा के साथ बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे तेज बरसात हुई। इससे पहले दोपहर में लोग तेज उमस और गर्मी से परेशान थे। भीलवाड़ा में भी बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। जोधपुर, टोंक और नागौर में जमकर बारिश हुई
पिछले 24 घंटे में जोधपुर, टोंक और नागौर में जमकर बारिश हुई। रविवार को टोंक में 2 घंटे में ही 52MM बारिश दर्ज की गई। नागौर में करीब 17 एमएम और जोधपुर में 5 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा प्रदेश के कुछ शहरों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बाकी जगह मौसम साफ रहा। निचले इलाकों में पानी भरा
नागौर में बारिश होने से दिन के तापमान में गिरावट आई। बारिश के बाद शहर का तापमान दोपहर में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। टोंक के बाजार, काली पलटन क्षेत्र में 2 फीट पानी भर गया। बीसलपुर बांध में बढ़ा जलस्तर
बीसलपुर बांध में पानी की आवक धीमी थी। बांध में बीते 24 घंटे में (रविवार सुबह 6 बजे तक) 7 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई थी। इसी के साथ बीसलपुर बांध का जलस्तर सुबह 6 बजे तक 310.28 आरएल मीटर दर्ज किया गया था। शनिवार शाम 6 बजे तक जलस्तर 310. 21 आरएल मीटर था। उदयपुर में देर शाम हुई बारिश
उदयपुर में रविवार शाम को अचानक मौसम बदलने के बाद तेज बारिश हुई। फतहसागर पाल, पिछोला, सहेलियों की बाड़ी, सज्जनगढ़ आदि पिकनिक स्थलों पर भारी भीड़ रही। उदयपुर में तीन दिन बाद हुई बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई। आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बाड़मेर, चूरू, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली में सामान्य बारिश होगी। यह भी पढ़ें… फेसबुक पर किडनी बेच रहे दलाल
लिंक पर क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
