मकान की बालकनी निकालने को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक ने बुजुर्ग पर 3 राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली बुजुर्ग के पेट को चीरते हुए बाहर निकल गई। वहीं, दो गोलियां पेट में अटक गई। बुजुर्ग को गंभीर हालत में जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार दोपहर की जयपुर जिले के जोबनेर कस्बे की है, लेकिन फायरिंग का वीडियो शनिवार को सामने आया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि निर्माणाधीन भूखंड में चबूतरे पर बैठे बुजुर्ग नवरत्न मल सोनी (75) पर एक युवक ने पिस्टल से 3 बार गोली चलाई है। एक गोली बुजुर्ग के पेट को चीरते हुए बाहर निकल गई। वहीं, दो गोलियां पेट में अटक गई। गोली लगने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। गोली मारने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। इस दौरान मौके पर कुछ मजदूर निर्माण कार्य कर रहे थे, लेकिन आरोपी के हाथ में पिस्टल देखकर वे घबरा गए। घटना को लेकर परिजनों ने रोष जाहिर किया है और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह था पूरा मामला
जोबनेर डीएसपी नरेंद्र सिंह ने बताया- जोबनेर के खाता चौक में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की सूचना पर थानाधिकारी कर्ण सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। जहां सामने आया एक प्लॉट पर बालकनी निकालने को लेकर यह पूरा विवाद उपजा है। दोनों पक्षों में पिछले दो साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को ठेकेदार सेटरिंग का काम कर रहा था। गली में दो फीट की बालकनी निकालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान पड़ोसी युवक माल सिंह मनोहर ने चबूतरे पर बैठे बुजुर्ग नवरत्न मल सोनी पर फायरिंग कर दी। उसने तीन गोलियां चलाई। एक गोली बुजुर्ग के पेट को चीरते हुए बाहर निकल गई। वहीं, दो गोलियां पेट में अटक गई। बुजुर्ग को गंभीर हालत में जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोलियां बाहर निकाली। मौके से मिला एक जिंदा कारतूस
घटना के बाद मौके पर पुलिस के आला अफसर और एफएसएल टीम पहुंची। और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। हालांकि पुलिस को मौके से एक जिंदा कारतूस मिला है, लेकिन रिवाल्वर मौके पर नहीं मिली है। वहीं दोनों पक्षों के बीच काफी दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जोबनेर डीएसपी नरेंद्र सिंह ने बताया घटना को लेकर मामला दर्ज नहीं हुआ है। पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
