बूंदी जिले के रायथल थाना क्षेत्र में खेत में काम करते समय एक युवा किसान की मौत हो गई। किसान खेत मे कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। अचेत होने पर परिजन उसे इलाज के लिए कोटा एमबीएस हॉस्पिटल लाए। जहां उसकी मौत हो गई। मृतक शिवराज (22) रामपुरा का झोपड़ा का रहने वाला था। सालभर पहले उसकी शादी हुई थी। चाचा नन्दकिशोर ने बताया कि शिवराज दो भाइयों में बड़ा था। 12 महीने पहले उसकी शादी की थी। उसके 2 बीघा जमीन है वो खेती करता था,ट्रैक्टर भी चलाता था। उसके खेत में उड़द की फसल लगा रखी थी। सोमवार शाम 5 बजे करीब शिवराज खेत पर गया था। फसल में कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। उसकी मां पानी भरने गई थी। कीटनाशक छिड़कते समय अचानक गिरकर बेहोश हो गया। आसपास के खेत में रिश्तेदार मौजूद थे। उन्होंने शिवराज को संभाला। उसे इलाज के लिए बूंदी हॉस्पिटल लेकर गए। बूंदी में डॉक्टरों ने चैक करने के बाद कोटा रेफर कर दिया। तड़के 3 बजे करीब उसकी मौत हो गई। शिवराज के पिता की 10 साल पहले मौत हो चुकी। रायथल थाना ASI आनन्दी लाल ने बताया कि शिवराज की खेत पर उड़द में कीटनाशक छिड़काव करते समय तबियत बिगड़ी थी। जिसे परिजन इलाज के लिए हॉस्पिटल लाए थे। इलाज के दौरान शिवराज की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।