दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद सीकर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीकर के जाट बाजार में जमकर आतिशबाजी की और पटाखे फोड़े। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। पूर्व विधायक व भाजपा के वरिष्ठ नेता रतन जलधारी ने कहा कि अबकी बार दिल्ली जीतना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न में था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर पीएम मोदी का यह विजन पूरा कर दिया। जलधारी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने अबकी बार विकास को चुना है। देश के विकास के लिए दिल्ली का विकास होना बहुत जरूरी है। जनता ने आज अच्छा निर्णय लिया है इसलिए दिल्ली की जनता बधाई की पात्र है। जलधारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के टारगेट पर हरियाणा और दिल्ली थे। भाजपा ने पहले हरियाणा जीत लिया और अब दिल्ली जीतकर अपना टारगेट पूरा कर लिया। भाजपा देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। दिल्ली जीतने के बाद भाजपा और अधिक मजबूत होगी। भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत हासिल की है जो आज के इतिहास में दर्ज होगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई भी खिलाई।