केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल रविवार को उदयपुर दौरे पर रहे। वे शोभागपुरा स्थित होटल हावर्ड जॉनसन में पहुंचे। जहां वे उदयपुर के बीजेपी पदाधिकारियों और सांसद-विधायकों से मिले। केन्द्रीय मंत्री पाटिल ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में हाल ही केन्द्र सरकार द्वारा पेश बजट को लेकर कहा कि बजट में नौकरी करने वाले और मध्यम वर्ग को राहत दी गई है। युवाओं को 1 करोड़ रोजगार और महिलाओं के लिए बहुत सी योजना दी गई है। पाटिल ने आगे कहा, कांग्रेस ने किसानों के लिए बीते 70 साल में कोई ठोस योजना नहीं बनाई। जबकि मोदी सरकार ने पहली बार किसानों को सम्मान के रूप में हर साल 6 हजार रुपए उनके खाते में जमा करने की योजना बनाई। पाटिल बोले-बीते 10 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। गरीबी हटाओ का नारा पीएम रहते हुए इंदिरा गांधी ने भी दिया था लेकिन उनकी सरकार ने इस पर कोई काम नहीं किया। अगर कांग्रेस इस ओर ध्यान देती तो आज इतनी बड़ी संख्या में देश में गरीबी नहीं बढ़ती। कांग्रेस के काम नहीं करने की वजह से हुई दूषित पानी से 4 मौतें: पाटिल
उदयपुर के नाई थाना क्षेत्र के पॉपल्टी गांव में हाल ही दूषित पानी पीने से हुई 4 लोगों की मौत के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने कांग्रेस सरकार के समय राजस्थान को 30 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए थे। लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस बजट का आधा पैसा भी खर्च नहीं किया। अगर पैसा पूरा खर्च करते तो उदयपुर में पानी का संकट नहीं होता। दूषित पानी से ये मौतें कांग्रेस सरकार के काम नहीं करने की वजह से हुई है। अब भजनलाल सरकार ऐसी समस्या जल्द ही दूर करेगी। मोदी की लोकप्रियता के मुकाबले देश का कोई नेता नहीं
केन्द्रीय मंत्री पाटिल ने कहा कि दुनिया में पीएम मोदी के करोड़ों की संख्या में लोग फॉलोवर हैं। मोदी की लोकप्रियता के मुकाबले हमारे देश का कोई भी पार्टी का नेता उनका 10 प्रतिशत भी नहीं है। आज कुछ लोग लोकशाही के नाम पर सोशल मीडिया पर जो लिखते हैं ये उनकी सोच है। विपक्ष मुद्दों पर बात नहीं करता, सिर्फ मोदी का विरोध करता है।
