टीकाराम जूली के मंदिर में दर्शन के बाद भाजपा के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के द्वारा मंदिर में गंगाजल छिड़कने का मामला तूल पकड़ते जा रहा है। इसके विरोध में आज सीकर में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। जिन्होंने सीकर में अंबेडकर पार्क के पास सीएम भजनलाल शर्मा का पुतला फूंका। साथ ही मांग कि है कि सरकार माफी मांगे। सीकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राम मंदिर में पूजा अर्चना की, इसके बाद भाजपा के पूर्व विधायक ज्ञान देव आहूजा ने जो काम किया और जो वक्तव्य दिया उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। यह देश डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के दिए संविधान के अनुसार चलेगा न कि मनुस्मृति के अनुसार। भाजपा जनता पर मनुस्मृति सौंपना चाहती है लेकिन ऐसा हम किसी भी हाल में नहीं होने देंगे। संविधान के अनुसार सभी धर्म को अपने-अपने हक,मंदिरों में जाने की स्वतंत्रता है। कांग्रेस के नेताओं ने विधानसभा में जो मुद्दे उठाए,उनसे आहत होकर भाजपा अपने नेताओं से ऐसे बयान दिलवा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सरकार को ज्ञानदेव आहूजा इस गलती के लिए माफी मांगनी चाहिए। साथ ही स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी दलितों के प्रति क्या नीति है। भाजपा हमेशा दलितों का अपमान करते आई है और कर रही है। भाजपा का केवल एक ही मकसद है कि इस देश को मनुस्मृति के अनुसार चलाएं न कि संविधान के अनुसार। भाजपा पहले हिंदू को मुसलमान से धर्म के नाम पर लड़वा रही थी, अब जाति के नाम पर और कल को गौत्र के नाम पर। इस देश में भाजपा केवल वोट की राजनीति कर रही है। गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर बोलते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पहले जब कांग्रेस के शासन में पेट्रोल डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते थे तब भाजपा उस पर रोना शुरू कर देती थी। लेकिन अब जब दाम बढ़ते हैं तो उन्हें राष्ट्रहित में बताया जाता है। आज हर वर्ग त्रस्त है।