भरतपुर जिले के नदबई विधानसभा से कांग्रेस विधायक रहे जोगिंदर सिंह अवाना ने राष्ट्रीय लोकदल पार्टी जॉइन कर ली है। आज राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, उड़ीसा उत्तर प्रदेश की अलग-अलग पार्टियों के कई पूर्व विधायक सहित कई नेता RLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के घर पहुंचे। जहां उन्होंने RLD को जॉइन किया। साल 2018 के विधानसभा चुनावों में जोगिंदर सिंह अवाना बहुजन समाज पार्टी से मैदान में उतरे थे। जोगिंदर सिंह अवाना ने पूर्व राज परिवार की सदस्य कृष्णेन्द्र कौर दीपा को 4 हजार वोटों से हराया था। जोगिंदर सिंह अवाना को 50 हजार 976 वोट मिले थे। वहीं पूर्व राज परिवार की सदस्य कृष्णेन्द्र कौर दीपा को 46 हजार 882 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी हिमांशु कटारा 38 हजार 136 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे थे। बसपा से चुनाव जीतने के बाद जोगिंदर सिंह अवाना ने कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली। 2023 विधानसभा चुनावों में बीजेपी से मैदान में उतरे जगत सिंह ने जोगिंदर सिंह अवाना को हरा दिया। जोगिंदर सिंह अवाना के हारने के बाद नदबई, उच्चैन, लखनपुर थाने में उनके खिलाफ कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज हुए। नदबई विधानसभा में उनका काफी विरोध हुआ। आज उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के घर जाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।