अलवर के आबकारी थाने के अधिकारी व कर्मचारी शुक्रवार को उनके थाने में खाना बनाने वाली बिरमा देवी के घर भाती बनकर पहुंचे। दीवान जी का बाग निवासी बिरमा की बेटी की शादी में 61 हजार रुपए का भात भरा। सबने बिरमा को गले लगाया और बेटी की शादी की शुभकामनाएं दी। आबकारी थाने के थानाधिकारी ओर जवानों ने थाने में खाना बनाने वाली महिला की बेटी की शादी में एक नई मिसाल पेश की। पूरा थाना भात लेकर महिला के घर पहुंचा तो बिरमा के घर खुशियां बढ़ गई। थानाधिकारी ओर जवानों ने भाइयों का फर्ज निभाया। भात में 61 हजार रुपए साड़ी व कपड़े दिए। यह देखकर महिला ओर दुल्हन की आंखें नम हो गई। शादी में शामिल होने आए लोग आबकारी थाने के थानाधिकारी ओर जवानों की तारीफ करने लगे। अलवर दीवानजी का बाग क्षेत्र की रहने वाली बिरमा देवी आबकारी थाने में खाना बनाने का काम करती है। बिरमा के पति पदम रिक्शा चलाते हैं। इंचार्ज सतीश कुमार सहित थाने के 14 से 15 सिपाही मोनिका की शादी में भात लेकर पहुंचे और मामा का फर्ज अदा किया। थाने की तरफ से 61 हजार रुपए, 11 जोड़ी सूट, साड़ी, कपड़े और जरूरी सामान दिया गया। इस संबंध में थाना इंचार्ज सतीश कुमार ने कहा की बिरमा उनके थाने में खाना बनाती हैं। उनके परिवार की आर्थिक हालत खराब हैं। ऐसे में उनका फर्ज बनता है कि वो सब मिलकर उसकी मदद करें। इसलिए थाने के सभी स्टाफ ने अपने सहयोग किया । हमें भी बहुत अच्छा लगा है और बिरमा को भी अहसास हुआ है कि वह अकेली नहीं है। जहां काम करती है पूरा स्टाफ उसका परिवार है।