जैसलमेर जिले में फिर से गर्मी का असर तेज हो चुका है। पिछले चार-पांच दिनों तक लोगों को हीटवेव व भीषण गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन बुधवार को गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने गुरुवार से जिले में हीटवेव चलने की चेतावनी दी है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि जिले में 24 से 27 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट है। इस दौरान गर्म हवाएं चलेगी। साथ ही आगामी पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में हेल्थ डिपार्टमेंट ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों को गर्मी में तेज धूप से बचने की सलाह दी है। जैसलमेर में बुधवार को मौसम साफ रहा। सुबह 10 बजे से ही तीखी धूप निकलने लगी। दोपहर में तल्ख धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। लोग भी गर्मी व धूप से बचने के लिए घरों में दुबके रहे। तेज गर्मी से बचने के लिए लोग तरह तरह के जतन कर रहे हैं। बुधवार को दिन व रात के पारे में 2-2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 19 डिग्री का अंतर रहा। आज से हीटवेव का येलो अलर्ट
जिले में आगामी 4-5 दिनों तक गर्म हवाओं के थपेड़े फिर से झुलसाएंगे। गुरुवार से हीटवेव का दौर फिर से शुरू होगा। इससे पहले 6 अप्रैल से हीटवेव चली थी। जिससे पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया था। उसके बाद हीटवेव से राहत मिलने पर पारे में गिरावट हुई। उसके बाद 14 अप्रैल से फिर से हीटवेव चली। इस दौरान पारा 46 डिग्री पर पहुंच गया था। हीटवेव की तीसरी पारी में पारा फिर से 45 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। नहीं मिलेगी गर्मी से राहत
जिले में आगामी दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि जिले में 24 से 27 अप्रैल तक हीटवेव का यलो अलर्ट है। इस दौरान गर्म हवाएं चलेगी। साथ ही आगामी पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में हेल्थ डिपार्टमेंट ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों को गर्मी में तेज धूप से बचने की सलाह दी है।
