thgi 1745466280 12UwGI

कोटा पुलिस ने ठगी के दो अलग-अलग मामलों में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद थे। एक आरोपी ने कार खरीद पर 10-12 लाख का फायदा दिलाने का झांसा देकर 28 लाख की रकम हड़पी थी। जबकि दूसरे आरोपी ने रकम दुगनी करने का झांसा देकर 20 लाख की ठगी की थी। डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया कि फरियादी ने फॉर्च्यूनर कार खरीदनी थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात संतोष सिंह निवासी मांगलियवास जिला अजमेर हाल गायत्री नगर ब्यावर से हुई। संतोष सिंह ने कार खरीद पर 10-12 लाख का फायदा दिलाने का झांसा दिया। अगस्त 2023 में 28 लाख ऑन लाइन ट्रांसफर करवाकर अन्य व्यक्ति के नाम कार की डिलीवरी ले ली। आरोपी ने 28 लाख की रकम हड़प ली। फरियादी ने 6 जनवरी 2025 को गुमानपुरा थाने में शिकायत दी थी। जिसपर कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में जोधपुर जेल में न्यायिक अभिरक्षा में चल रहा था। वहीं एक साल में रकम दुगनी करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने के आरोपी पवन जैन निवासी सरसिया थाना जहाजपुर जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया है। परिवादी ने अगस्त 2022 में एसपी कार्यालय में परिवाद दिया था। जिसमें बताया था आरोपी पवन जैन व अन्य ने एक साल में रकम दुगनी करने के नाम पर 20 लाख रुपए इन्वेस्ट करवाकर धोखाधड़ी की। परिवाद पर गुमानपुरा पुलिस ने मामला दर्ज किया। आरोपी पवन जैन वर्तमान में कोटा सेंट्रल जेल में न्यायिक अभिरक्षा में चल रहा था।उसके खिलाफ कोटा शहर व अन्य जिलों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज है।

By

Leave a Reply