मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कल्लाजी वेदपीठ, निंबाहेड़ा में 20वां कल्याण महाकुंभ 11 जून से शुरू होकर 19 जून तक चलेगा। इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। वेदपीठ के प्रवक्ता रामप्रसाद मूंदड़ा ने बताया कि आयोजन की सूचना हर घर तक पहुंचाने के लिए नगर और आसपास के क्षेत्रों में निमंत्रण बांटे गए हैं। साथ ही कल्याण नगरी के 7 हजार से ज्यादा घरों पर “राम नाम” के स्टिकर लगाए गए हैं। आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा 1 जून को
कल्याण महाकुंभ की शुरुआत से पहले जनजागरण के लिए आध्यात्मिक कल्याण महा पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा 1 जून को सुबह 4:15 बजे निंबाहेड़ा के ठाकुर श्री कल्लाजी मंदिर से शुरू होकर चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित कल्लाजी की छत्री तक जाएगी। हजारों श्रद्धालु इस पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। पूरे रास्ते में ग्रामवासियों द्वारा जल, प्रसाद और विश्राम की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सवा 11 करोड़ राम नाम जाप और 2100 सुंदरकांड पाठ का लक्ष्य
कल्याण महाकुंभ के तहत चैत्र नवरात्रि से ही वेदपीठ के आचार्यों, बटुकों और कल्याण भक्तों द्वारा सवा ग्यारह करोड़ “राम नाम” मंत्र जाप और 2100 अखंड सुंदरकांड पाठ चल रहे हैं। अब तक 5 करोड़ जाप और 1500 सुंदरकांड पाठ पूरे हो चुके हैं। 10 जून तक यह लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। वेदपीठ ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे अधिकाधिक मंत्र जाप करके इस पुण्य कार्य में भाग लें। 125 जोड़ों ने श्रीरामचरितमानस पारायण के लिए पंजीयन कराया
कल्याण महाकुंभ में इस साल विशेष अनुष्ठानों की श्रृंखला में श्रीरामचरितमानस पारायण भी शामिल है। अब तक 125 यजमान जोड़ों ने पंजीयन करा लिया है। वेदपीठ परिसर में ध्यान केंद्र पर वेदपाठी बटुक यजमानों से पूजन करवा रहे हैं। श्रद्धालुओं का पंजीयन भी जारी है। श्रीराम कथा 11 से 19 जून तक
इस साल रामकिंकर धाम आश्रम, अयोध्या की दीदी मां मंदाकिनी श्री रामकिंकर जी श्रीराम कथा का वाचन करेंगी। यह कथा 11 जून से 19 जून तक हर दिन दोपहर 3 बजे वेदपीठ परिसर में होगी। राम कथा के माध्यम से पुराणों की गहराई से व्याख्या की जाएगी। 51 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ 13 जून से
कल्याण महाकुंभ के प्रमुख अनुष्ठानों में 51 कुण्डीय श्री राम महायज्ञ 13 जून से 19 जून तक आयोजित किया जाएगा। यह महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शुरू होगा। अब तक 1300 यजमान जोड़ों ने इसमें भाग लेने के लिए पंजीयन कराया है। यह यज्ञ पूरे क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा का संचार करेगा। कलशोत्सव और भव्य शोभायात्रा 11 जून को
कल्याण महाकुंभ का पहला दिन, यानी 11 जून, ज्येष्ठ शुक्ला पूर्णिमा को कलशोत्सव और भव्य शोभायात्रा के साथ मनाया जाएगा। यह यात्रा सुबह 7 बजे ढ़ाबेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई वेदपीठ पहुंचेगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कलश लेकर शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों को जागृत करने वाला भी है। देशभर से भागीदारी करने आएंगे कल्याण भक्त
वेदपीठ के प्रवक्ता रामप्रसाद मूंदड़ा ने बताया गया है कि इस आयोजन में मेवाड़, मारवाड़, वागड़, मालवा सहित देश के कोने-कोने से कल्याण भक्त बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियां क्षेत्र में बड़े स्तर पर की जा रही हैं, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा व अन्य सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। श्री कल्लाजी वेदपीठ पर आयोजित यह 20वां कल्याण महाकुंभ श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम है। यह आयोजन समाज में धर्म, संस्कृति और अध्यात्म को जीवित रखने का महान प्रयास है, जिसमें हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिलेगी।

Leave a Reply