भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा विश्व पर्यावरण दिवस पर चार दिवसीय आयोजनों के तहत मंगलवार को नुक्कड़ नाटक व क्विज कार्यक्रम हुआ। जिला प्रशासन व जिला पर्यावरण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में थीम प्लास्टिक प्रदूषण का अंत रहीं। राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक धनेटवाल ने बताया कि इसका उद्देश्य प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करना व सतत विकास में भागीदारी बढ़ाना। शहर में शाम 5 से 7:15 बजे तक जागरूकता अभियान चलाया। इसमें विजेताओं को टी-शर्ट, कैप व कपड़े के थैले वितरित किए। संत निरंकारी मंडल की ओर गुरुवार शाम 5 से 7 बजे तक यूआईटी के बाहर व रोडवेज बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक किया। इसके जरिए प्लास्टिक के दुष्परिणाम और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत का संदेश दिया। कार्यक्रम समन्वयक अधीक्षण वैज्ञानिक अधिकारी महेश कुमार सिंह ने बताया कि 5 जून को समारोह में सरकारी कार्यालयों को प्लास्टिक मुक्त बनाने वाले अधिकारियों, पर्यावरण क्षेत्र में कार्यरत नागरिकों व औद्योगिक इकाइयों का सम्मान किया जाएगा। रेलवे स्टेशन से साइकिल रैली कल – 5 जून को प्लास्टिक मुक्त भीलवाड़ा के लिए साइकिल रैली 5 जून को सुबह 7 से 8 बजे तक साइकिल क्लब के सहयोग से पेडल फॉर प्लैनेट-प्लास्टिक मुक्त भीलवाड़ा के लिए साइकिल रैली निकाली जाएगी। रैली को कलेक्टर जसमीत सिंह संधू रेलवे स्टेशन चौराहा से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी दिन शाम 3 बजे से नगर निगम सभागार में संगोष्ठी व सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें स्थानीय लोगों की ओर से बेस्ट टू वेस्ट पर आधारित वस्तुओं की प्रदर्शनी लगेगी। प्लास्टिक की बोतलों से बनाए जा रहे फाइबर पर लघु वीडियो दिखाया जाएगा।