जिला सतत विकास, हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में गुरुवार को पटेल नगर विस्तार योजना के अंतर्गत विकसित होने वाले महात्मा गांधी नगर वन तथा मानसरोवर झील के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन समारोह विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सम्पन्न हुआ। राज्य बजट वर्ष 2024-25 में मानसरोवर झील सौंदर्यीकरण (₹20 करोड़), महात्मा गांधी नगर वन विकास कार्य ( 15 करोड़) के लिए दोनों प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए थे। डीएमएफटी मद से स्वीकृत दोनों प्रोजेक्ट्स जिले की हरित पहचान को और सशक्त बनाएंगी। गांधी नगर वन बनेगा ऑक्सीजन पार्क-लगेंगे 90 हजार पौधे महात्मा गांधी नगर वन को ऑक्सीजन पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा जिसमें लगभग 90,000 पेड़-पौधों का रोपण प्रस्तावित है। यह पार्क योग स्थल, वॉकिंग ट्रैक, औषधीय पौधों का बगीचा, जल संरक्षण संरचनाएं तथा बच्चों के मनोरंजन क्षेत्र से सुसज्जित होगा। भीलवाड़ा को मिलेगा स्वच्छ,सुंदर वातावरण इस अवसर पर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि आज हम न केवल विकास का, बल्कि प्रकृति से सामंजस्य का भूमि पूजन कर रहे हैं। मानसरोवर झील और नगर वन,ये दोनों परियोजनाएं न सिर्फ हरियाली बढ़ाएंगी, बल्कि भीलवाड़ा को एक नया, स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण देंगी। मैं इसके लिए सीएम व नगर विकास न्यास का धन्यवाद करता हूं। यह स्थान ऐसा होगा कि जो भी परिसर में प्रवेश करेगा, वह खुद को प्रकृति की गोद में अनुभव करेगा। महात्मा गांधी नगर वन परियोजना पर आज से काम शुरू यूआईटी सचिव ललित गोयल ने बताया कि शहरीकरण के दौर में बढ़ता प्रदूषण और बदलती जीवनशैली को देखते हुए, जनता को शुद्ध पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध कराना आवश्यक हो गया है। पटेल नगर विस्तार योजना के अंतर्गत 40 बीघा भूमि पर महात्मा गांधी नगर वन परियोजना इसी सोच का परिणाम है। कार्य का आदेश जारी कर आज से इस परियोजना पर कार्य प्रारंभ हो गया है। इस दौरान अतिथियों ने भूमि पूजन के पश्चात वृक्षारोपण भी किया।

Leave a Reply

You missed