अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वालों में पाली की खुशबू राजपुरोहित भी है। पहली बार नर्सिंग ऑफिसर पति के पास लंदन जा रही खुशबू पहले 10 जून की फ्लाइट से जाने वाली थी, लेकिन उस दिन की टिकट नहीं मिली। इसलिए 12 जून को जाना तय हुआ। पिता अपनी बेटी को बड़े ही नाजों के साथ अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे, उसके साथ सेल्फी भी। लेकिन कुछ मिनटों बाद ही प्लेन क्रैश की जानकारी मिली तो मानों उनकी दुनिया उजड़ गई। एयरपोर्ट के बाहर ही बेसुध हो गए। पाली और जोधपुर के खाराबेरा (पुरोहितान) में परिवार को जानकारी मिली तो मातम छा गया। उनके ससुराल पहुंची भास्कर टीम को ग्रामीणों ने बताया कि जिस घर की खुशियों में कुछ महीने पहले शामिल हुए थे अब वहां मौत की रस्मों में जाना होगा। फ्लाइट टेकऑफ करने से पहले बनाया VIDEO खुशबू राजपुरोहित ने 12 जून को करीब 1.15 बजे फ्लाइट में बैठी थी। इसके बाद खुशबू ने टेकऑफ से पहले एक वीडियो भी बनाया था। जिसे अपनी फैमिली के साथ शेयर किया था। लेकिन शायद ये कोई नहीं जानता था कि ये खुशबू को आखिरी वीडियो होगा। पहली बार लंदन जा रही थी खुशबू बालोतरा के अराबा की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित (23) की शादी जनवरी में खाराबेरा (पुरोहितान) के विपुल सिंह से हुई थी। विपुल लंदन में नर्सिंग ऑफिसर है। फरवरी में विपुल लंदन लौट गया था। वहीं से विपुल ने खुशबू के वीजा का प्रोसेस स्टार्ट कर दिया था। जून में खुशबू का लंदन जाना तय हुआ। पहले 10 जून के लिए टिकट की कोशिश की, लेकिन 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट में जगह नहीं मिली। परिवार ने बताया- खुशबू वीजा आने के बाद से काफी खुश थी। पिता लाडली बेटी को छोड़ने पहुंचे, स्टेटस लगाया ससुराल और पीहर से खुशी-खुशी विदा लेने के बाद खुशबू पिता मदन सिंह के साथ 12 जून को एयरपोर्ट पहुंची थी। पिता की लाडली खुशबू ने एयरपोर्ट के बाहर उनके साथ सेल्फी ली और नम आंखों से पिता को बाय करते हुए एयरपोर्ट के अंदर चली गई। पिता मदन सिंह ने बेटी का इस दौरान एक वीडियो भी बनाया। बेटी के अंदर जाने के बाद भी पिता काफी देर तक वहीं खड़े रहे। फिर बेटी के साथ ली सेल्फी का स्टेट्ट लगाते हुए लिखा…आशीर्वाद खुशबू…गोइंग टू लंदन… स्टेटस अपडेट करते हुए मिली क्रैश की जानकारी खुशबू की फ्लाइट ने 1 बजकर 38 मिनट पर लंदन के लिए उड़ान भरी थी। पिता भी बस स्टेटस अपडेट करके एयरपोर्ट से निकलने वाले थे, इतने में ही धमाके की आवाज आई और एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। पता लगा कि लंदन जाने वाली फ्लाइट क्रैश हो गई। ये सुनते ही मदन सिंह बेसुध होकर एयरपोर्ट में ही बैठ गए। कुछ सेकेंड तक लगा कि शायद सही होगा। लेकिन बीतते मिनटों ने उन्हें अनहोनी का एहसास करा दिया। बहू नहीं रही, देर शाम तक छुपाई गई जानकारी जोधपुर से 32 किलोमीटर दूर पाली रोड पर भास्कर टीम खाराबेरा (पुरोहितान) गांव पहुंची। यहां के आथूणावास में खुशबू राजपुरोहित का ससुराल है। पुश्तैनी मकान में खुशबू की बड़ी सास व दादी सास मौजूद थीं। लेकिन गांव के किसी भी सदस्य ने उनको गुरुवार देर शाम तक बहू की मौत की खबर नहीं दी थी। गांव वालों का कहना है कि वह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे, इसलिए उनको नहीं बताया। खुशबू के आखिरी वीडियो को देखकर आंखों में आंसू हादसे के बाद उसके ससुराल हर कोई गमगीन नजर आया। लोग खुशबू के पीहर में बनाई विदाई की रील को देख रहे थे। तो कोई एयरपोर्ट से रोते हुए रवाना होने वाली रील को देख कर अफसोस जता रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि गजेंद्र सिंह के घर में छोटी बहू के आने से खुशी थी। लेकिन 5 महीने में ही सब कुछ गम में बदल गया। सोशल मीडिया से पता चला ग्रामीणों ने बताया- परिवार के सभी सदस्य गांव की चौपाल पर बैठे थे। खुशबू के चाचा ससुर स्वरुप सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी सोशल मीडिया से मिली। फिर जब लिस्ट में खुशबू और उसके गांव का नाम आया तो हमें पता चला। सभी लोग चौपाल में इकट्ठा हो गए। कुछ लोग अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। गांव के जोग सिंह राजपुरोहित ने बताया- गजेंद्र सिंह के छोटे बेटे विपुल की शादी 18 जनवरी को यही चौपाल में हुई थी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही परिवार यही था। शादी के बाद सभी खुश थे सोचा भी नहीं था कि ऐसा हादसा हो सकता है। घर में महिलाओं को नहीं बताया, क्योंकि वे सदमा सहन नहीं कर पाएंगी। खुशबू के दादा ससुर राम सिंह ने बताया कि शादी के सभी आयोजन गांव में ही हुए थे। अब दुख इस बात का है कि पांच महीने बाद बहू की मौत के रीति रिवाज भी निभाने होंगे। …. अहमदाबाद प्लेन क्रैश से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… 1. 4 साल बाद एक साथ रहने जा रहा था परिवार:बांसवाड़ा की दंपती का परिवार अहमदाबाद एयरपोर्ट तक छोड़ने गया था; प्लेन में ली आखिरी सेल्फी अहमदाबाद प्लेन हादसे में बांसवाड़ा की डॉक्टर दंपती और उनके तीन बच्चों की भी जान गई है। दंपती अपने बच्चों के साथ लंदन में शिफ्ट होने वाले थे। हादसे से बिल्कुल पहले फ्लाइट में डॉ. प्रतीक जोशी ने पूरे परिवार के साथ सेल्फी ली। पूरी खबर पढ़िए… 2. अहमदाबाद प्लेन क्रैश-राजस्थान के 12 लोगों की मौत:डॉक्टर दंपती और परिवार खत्म; घूमने जा रहे थे भाई-बहन, पति से मिलने जा रही थी नवविवाहिता अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश हादसे में राजस्थान के 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में प्रदेश के 7 परिवार के लोग शामिल है, इनमें 5 बांसवाड़ा, 5 उदयपुर, एक-एक बालोतरा और बीकानेर के रहने वाले हैं…(CLICK कर पढ़ें)