राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने आज जिला परिषद सभागार में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के लिए अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वन विभाग, पीएचईडी, पंचायतीराज, नगर निकाय, शिक्षा, जल संसाधन और विद्युत निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपमुख्यमंत्री ने जल स्रोतों के संरक्षण, जनजागरूकता गतिविधियों और हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधरोपण की तैयारियों की समीक्षा की। बैरवा ने नगर निकाय और पंचायतीराज विभाग को उपेक्षित बावड़ियों और कुओं की सूची तैयार कर उनके जीर्णोद्धार की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मानसून में आपदा प्रबंधन के लिए सभी विभागों को समन्वय से काम करने को कहा। जिला परिषद की सीईओ रिया डाबी ने बताया कि वंदे गंगा अभियान में उदयपुर प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। जिले में अब तक 5000 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 7 लाख लोगों ने भागीदारी की है। उपमुख्यमंत्री ने दिलाया संकल्प
बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री श्री बैरवा ने सभी अधिकारियों को वंदे गंगा जल संरक्षण एवं जन अभियान के तहत जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। बैठक में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर नमित मेहता, एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी वारसिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, प्रशिक्षु आइएएस सृष्टि डबास, अधीक्षण अभियंता जलग्रहण अतुल जैन आदि भी उपस्थित रहे।
