बांसवाड़ा पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में बांसवाड़ा पुलिस ने जिलेभर में बड़ा एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया। दो दिन चले इस अभियान में जिले के सभी थानों में 717 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह विशेष अभियान 14 और 15 जून को चलाया गया, जिसमें जिले के सभी थानों की 71 टीमों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधीक्षक अग्रवाला ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए कुल 830 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान चोरी, मारपीट, अवैध गतिविधियों, स्थाई वारंट और अन्य अपराधों में लिप्त 717 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय कायम करना था। कार्रवाई में थानाधिकारियों, पुलिसकर्मियों सहित स्पेशल टीमों ने भी सहयोग किया। एसपी ने यह भी बताया कि अभियान का मुख्य मकसद जिले में बढ़ती चोरी और लूट की वारदातें रोकना है। क्योंकि यही अधिकांश आरोपी हैं जो अक्सर जेल से छुटने के बाद भी इन्हीं वारदातों में लिप्त हो जाते हैं। ऐसे में यह अभियान बहुत अहम हैं। पिछली बार भी इसी अभियान की वजह से वारदातों को रोकने में काफी सफलता मिली थी। अभी पुलिस के लिए एक बड़ी समस्या साइबर अपराधों की बनी हुई है इसके लिए भी बांसवाड़ा पुलिस साइबर टीम की मदद से विशेष कार्य करेगी। जिसमें लोगों को ऐसे अपराध से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा।