हनुमानगढ़ में भाजपा नगर मंडल टाउन ने बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर ‘संकल्प से सिद्धि’ थीम पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में राम मंदिर का निर्माण हुआ। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया। गरीब, महिला, किसान और मजदूरों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गईं। पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने सरकारी योजनाओं के प्रचार में सोशल मीडिया की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करने का आग्रह किया। भाजपा नेता अमित सहू ने हनुमानगढ़ के विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत हनुमानगढ़ को व्यापारिक कॉरिडोर से जोड़ा जा रहा है। नवां रेलवे फाटक से कैंचियां तक नेशनल हाईवे का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा, क्षेत्र को मेडिकल कॉलेज और वाशिंग लाइन जैसी सुविधाएं भी मिली हैं। कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष अमरसिंह राठौड़, नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल, पूर्व पार्षद कविन्द्र सिंह शेखावत सहित अन्य पदाधिकारी और पार्टी नेता उपस्थित रहे।