जयपुर में सेक्सटॉर्शन में फंसाने की धमकी देकर रुपए वसूलने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। दोनों महिलाएं अमीर लोगों को प्यार के जाल में फंसाती थीं। फिर रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपए की डिमांड करती थीं। इस राशि की वसूली किस्तों में करती थीं। स्टाम्प पर पेमेंट का पूरा शेड्यूल लिखकर ब्लैकमेल करने वाले युवक को देती थीं। चित्रकूट थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से 2.22 लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं। डीसीपी (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया- ब्लैकमेलिंग के आरोप में मीतू पारीक (47) निवासी विद्युत नगर चित्रकूट और इंदु वर्मा (47) निवासी रामगंज, अजमेर को बुधवार को अरेस्ट किया गया। आरोपी महिलाएं अवैध वसूली का चेक लेने कैफे में आई थीं। दोनों महिलाओं के मोबाइल को खंगाला गया है। उनमें चार व्यक्तियों से ब्लैकमेलिंग की डिटेल्स मिली है। इनमें कुछ से रुपए लेना, कुछ को रुपयों के लिए धमकाना और अगला टारगेट किसे बनाएं, ये सभी बातचीत शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी महिलाओं से कई खुलासे होने की संभावना है। रेप में फंसाने की धमकी
डीसीपी (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया- 13 जून को परिवादी सुनील कुमार (बदला हुआ नाम) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया- 22 मई को उसके दोस्त महेश कुमार (बदला हुआ नाम) और सुरेश कुमार (बदला हुआ नाम) ने 5 लाख रुपए देकर चित्रकूट निवासी मीतू पारीक को देने के लिए कहा था। सुनील के कहे अनुसार मीतू को उसके घर के बाहर 5 लाख रुपए देकर आ गए। शक होने पर महेश और सुरेश से सही बात बताने को कहा। उन्होंने मुझे बताया कि 21 मई की रात वे दोनों जयपुर के कूकस स्थित होटल हिल्टन में मीतू पारीक और इंदु वर्मा के साथ रुके थे। दोनों महिलाएं अपनी सहमति से हमारे साथ रही थीं, लेकिन अब रेप का केस दर्ज करवाने की धमकी दे रही हैं। 50 लाख रुपए की डिमांड कर रही हैं। 5 लाख रुपए की पहली किस्त के दिए हैं। लगातार धमकी देने की वजह से इंदु को एक लाख रुपए ऑनलाइन दे चुके हैं। अब वह तीन लाख रुपए की मांग कर रही हैं। रुपए नहीं देने पर रेप केस दर्ज करवाने की धमकी दे रही हैं। चेक लेने आने पर पकड़ा 16 जून को सुनील से दोनों महिलाओं को सेक्सटॉर्शन की रकम के 3 लाख रुपए चेक से देना तय हुआ। 18 जून को चेक लेने के लिए वैशाली नगर के कैफे (कॉफी सूत्रा) में मिलना तय हुआ। कैफे में पुलिस टीम सिविल ड्रेस में तैनात की गई। महिलाओं के कैफे में आकर परिवादी से चेक लेते ही पुलिस ने उन्हें धर-दबोचा। पुलिस ने चित्रकूट थाने लाकर दोनों ब्लैकमेलर महिलाओं को अरेस्ट किया। पुलिस के सर्च करने पर मीतू के पर्स में 2.22 लाख रुपए मिले। पूछताछ में मीतू ने बताया कि परिवादी से धमकाकर वसूले रुपए में इंदू वर्मा का हिस्सा देने के लिए रुपए लेकर आई थी। स्टाम्प पर पेमेंट का हिसाब लिखती थीं पुलिस जांच में सामने आया है कि रुपयों की डिमांड 50 लाख रुपए से शुरू होती है। इसके बदले में महिलाएं एफिडेविट लिखकर ब्लैकमेल करने वाले युवक को दे देती हैं। पीड़ित युवक से भी रुपयों के पेमेंट के संबंध में समयवार स्टाम्प लिखवाती हैं। इसमें 50 लाख रुपए का पेमेंट किस-किस तरीके और कब-कब किया जाएगा। जैसे ही पेमेंट देना शुरू होता है, वह नए व्यक्ति को फंसाकर धमकाना शुरू कर देती है।