दौसा जिले में एक बार फिर मौसम पूरी तरह बदल गया है। यहां शनिवार अलसुबह जिले के कई इलाकों में बूंदाबांदी के साथ घने बादल छाए रहे। इससे मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को गर्मी व उसम से राहत मिली। लेकिन सुबह 9 बजे बाद आसमान से बादल छटने के साथ धूप निकली तो फिर से उमस महसूस हुई। यहां बारिश के साथ ही तापमान में भी गिरावट का दौर जारी है। यहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं आगामी सप्ताह की बात करें तो अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। साथ में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में प्री मानसून की बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।