snmak 1750511757 0qDJzN

सूदखोरों के कारण प्रदेश में हो रही सुसाइड को लेकर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने चिंता व्यक्त की है। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। जिसमें प्रतापगढ़ के होटल संचालक की सुसाइड का घटना का जिक्र किया है। अपने एक्स पोस्ट में सीएम ने लिखा-‘बीते कुछ समय से सूदखोरों के चंगुल में फंसकर आम लोगों के परेशान होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कई मामलों में यह सूदखोरों का यह शोषण आत्महत्या तक के लिए मजबूर कर देता है। तंग आकर पूरे परिवार की सामूहिक आत्महत्या तक के मामले भी सामने आए हैं। ऐसे शोषण को रोकने के लिए राजस्थान मनी-लेंडर्स अधिनियम, 1963 बना हुआ है परन्तु इसे सख्ती से लागू नहीं किया जा रहा जिसके कारण ऐसी परिस्थिति बन रही है। राजस्थान पुलिस को सूदखोरों के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए जिससे इस शोषण को रोका जा सके और आम लोगों के जीवन को बचाया जा सके’।

होटल संचालक ने किया था सुसाइड
बता दें कि प्रतापगढ़ के जीरो माइल स्थित आशापुरा होटल के संचालक कदम सिंह उर्फ अजय सिंह ने आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बुधवार देर शाम जहरीली वस्तु का सेवन किया। घटना के बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक मूल रूप से राजोरा गांव के निवासी थे और वर्तमान में मानपुर क्षेत्र में रह रहे थे। मृतक के भाई राजेंद्र सिंह ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि अजय सिंह लंबे समय से ब्याज पर कर्ज लेकर सूदखोरों के जाल में फंसे हुए थे। लगातार मिल रही धमकियों और आर्थिक शोषण से वह मानसिक तनाव में थे। इसी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। डीएसपी गजेंद्र सिंह ने बताया-मृतक का कई लोगों के साथ पैसों का लेनदेन था। कुछ जमीन के सौदों को लेकर भी विवाद की जानकारी मिली है। अजय सिंह ने आत्महत्या से तीन-चार दिन पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने ब्याज माफियाओं द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी।

Leave a Reply