झालावाड़ का जवान पवन प्रजापति (28) असम में शहीद हो गया। रविवार को जवान का उसके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया। जवान को 5 साल के बेटे ने दादा की गोद में बैठकर मुखाग्नि दी। इससे पहले जवान की पार्थिव देह शनिवार शाम झालावाड़ मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां से रविवार सुबह शहीद की पार्थिव देह सुबह 9 बजे असनावर लाई गई। 8 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा के साथ पार्थिव देह पैतृक गांव खेरखेड़ा पहुंची। जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और 11 बजे अंत्येष्टि हुई। पवन प्रजापति पिछले 9 साल से सेना में थे। वे 14 जून को ही गांव से असम गए थे। गुरुवार रात एक हादसे में उनकी मौत हो गई थी। शहीद पवन प्रजापति के पिता प्रेमचंद किसान हैं। शहीद के एक 5 साल का और दूसरा 6 माह का बेटा है। पवन अपने क्षेत्र से सेना में जाने वाले पहले युवक थे।