d26b0e38 7545 4bd6 8b59 5d52bac252251751262218660 1751267237 57mkdj

हनुमानगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव धोलीपाल के पास खेत से घर लौट रही महिला के साथ लूट हो गई। बाइक सवार तीन नकाबपोश महिला को डरा-धमकाकर उसके कानों में पहनी सोने की बालियां लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में महिला की रिपोर्ट के आधार पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार शान्ति देवी (50) पत्नी ओमप्रकाश कुम्हार निवासी 7-8 डीएलपी, धोलीपाल ने लिखित रिपोर्ट पेश की कि उसका पति शनिवार को खेत में नरमा की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव करने के लिए गया हुआ था। वह सुबह अपने पति को रोटी देकर खेत से वापस अपने घर की तरफ आ रही थी। उसी दौरान सुबह करीब सवा 10 बजे देवीलाल के खेत के पास नहर डीएलपी पर पहुंची तो पीछे से लाल रंग की बाइक पर तीन लड़के सवार होकर आए। उन्होंने अपने मुंह साफों से ढक रखे थे। तीनों लड़कों ने उसके पास आकर बाइक रोक ली व उसे भय दिखाकर दोनों कानों में पहनी हुई सोने की बालियां छीन ली। इस दौरान हुई हाथापाई के दौरान तीनों लड़कों के साफे मुंह से उतर गए। उसने शोर मचाया तो नहर के पास ही मौजूद राजेन्द्र कुमार लेघा (51) पुत्र पृथ्वीराज जाट निवासी 7-8 डीएलपी, धोलीपाल भागकर मौके पर आया। उसने तीनों लड़कों को पकड़ने का प्रयास किया मगर वे मोटर साइकिल पर सवार होकर मौके से पिलानिया वाली ढाणी की तरफ भागने में कामयाब हो गए। राजेन्द्र लेघा ने उन लड़कों की बाइक के पीछे की नम्बर प्लेट पर लिखे हुए नम्बर PB 03 R 1204 देख लिए। तब सूचना मिलने पर मौके पर उसका पति व गांव के अन्य लोग भी आ गए। उसने इन्हें घटना के बारे में बताया। उन्होंने उन लड़कों की तलाश की मगर कोई पता नहीं चला। वह बाइक सवार तीनों लड़कों को देखकर पहचान सकती है। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान एएसआई लालचन्द के सुपुर्द किया है।

Leave a Reply

You missed