IPL में बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड्स बनाए हैं। IPL के 18वें सीजन में वैभव ने अपने विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया। IPL 2025 में वैभव सूर्यवंशी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ का अवॉर्ड मिला है। वैभव ने 206.55 के स्ट्राइक रेट से धमाकेदार पारियां खेली है। इस अवॉर्ड के साथ उन्हें टाटा मोटर्स की एक चमचमाती कार ‘कर्व EV’ भी मिली है। वहीं, अवॉर्ड प्रजेंट कर रहे कमेंटेटर हर्षा भोगले ने मजाकिया लहजे में कहा कि जो कार उन्हें मिली है, वो इसे चला भी नहीं सकते हैं। दरअसल, कमेंटेटर हर्षा भोगले वैभव की उम्र को लेकर कमेंट कर रहे थे। IPL में हर साल सबसे तेज स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ी को एक खास इनाम दिया जाता है। इस साल वैभव सूर्यवंशी के नाम यह खिताब रहा। पिछले साल फ्रेजर मैक गर्क को यह इनाम मिला था। सात मैचों में जड़े एक शतक और दो अर्धशतक IPL 2025 में वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के लिए सात मैचों में 252 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 206.55 रहा, जिसमें 18 चौके और 24 छक्के शामिल है। वैभव ने इस IPL सीजन में एक शतक और दो अर्धशतक जड़े हैं। वैभव IPL इतिहास में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। इस लेफ्ट हैंड बल्लेबाज को राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा था। हाफ सेंचुरी और सेंचुरी बनाने वाले सबसे युवा प्लेयर बिहार के वैभव IPL के इतिहास में हाफ सेंचुरी और सेंचुरी बनाने वाले सबसे युवा प्लेयर बन गए हैं। वैभव ने चौके से फिफ्टी और छक्के से सेंचुरी पूरी की थी। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उन्होंने मात्र 35 गेंद में शतक जड़े थे। उन्होंने 11 छक्के और 7 चौकों के साथ अपनी सेंचुरी पूरी की थी। यह IPL में किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सबसे कम गेंद में शतक बनाने का रिकॉर्ड था। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूसुफ पठान के नाम था। उन्होंने 2010 में 37 गेंद पर सेंचुरी बनाई थी। वहीं, आईपीएल में वैभव ने दूसरा सबसे तेज शतक लगाया है। पहले नंबर पर क्रिस गेल है जिन्होंने 30 बॉल पर शतक जड़ा था। डेब्यू मैच में पहली ही गेंद पर लगाया था छक्का वैभव ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ IPL में डेब्यू किया था। उन्होंने अपने IPL करियर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। वैभव ने यह छक्का शार्दूल ठाकुर के गेंद पर लगाया था। वैभव ने 20 गेंदों में 34 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए थे। 9वें ओवर में ऐडन मार्करम ने उन्हें स्टंपिंग कराया। आउट होने के बाद वैभव पवेलियन लौटते वक्त भावुक दिखे थे। राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी को इम्पैक्ट प्लेयर बनाकर ओपनिंग करने भेजा था। राजस्थान के 8वें मुकाबले में वैभव को डेब्यू का मौका था। वैभव ने 14 साल 23 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। PM और CM ने की वैभव से मुलाकात शुक्रवार को वैभव ने बिहार दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। वैभव ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था। इस मौके पर वैभव के माता-पिता भी मौजूद थे। पीएम ने वैभव के परिवार के साथ 10 मिनट तक समय बिताया था। वैभव के सेंचुरी के बाद उन्हें देश-विदेश के खिलाड़ियों और हस्तियों से बधाई मिली थी। सभी ने उनके दमदार परफॉर्मेंस की सराहना की। यहां तक के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए 10 लाख रुपए के सम्मान राशि की भी घोषणा की थी। इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम में वैभव को मिली जगह BCCI ने इंग्लैंड दौरे के लिए इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम में वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। यह दौरा 24 जून से 23 जुलाई 2025 तक होगा। इसमें एक 50 ओवर का वार्म-अप मैच, पांच वनडे मैच, और दो मल्टी-डे मैच शामिल है। वैभव ने IPL के इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। वैभव ने बिहार के लिए अबतक 5 फर्स्ट क्लास और 6 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं। वैभव ने फर्स्ट क्लास मैचों में जहां 100 रन बनाएं हैं, तो वहीं लिस्ट में उनके नाम 132 रन दर्ज हैं।