नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शनिवार (20 जुलाई) को NEET UG-2024 में शामिल 23.22 लाख छात्रों का सेंटर-सिटी वाइज रिजल्ट जारी किया। देशभर में 2321 छात्रों ने 700+ अंक हासिल किए हैं। 30,204 छात्रों को 650+ और 81,550 ने 600+ नंबर मिला।
राजस्थान के दूसरे कोचिंग हब सेंटर सीकर के रिजल्ट ने सबको चौंकाया है। यहां 50 सेंटरों पर 27,000 अभ्यर्थी बैठे थे। इनमें 149 छात्रों को 700+ और 2,037 को 650+ अंक मिले। 4200 से अधिक को 600 से ज्यादा अंक मिले। सीकर में 600+ अंक वाले स्टूडेंट्स का औसत राष्ट्रीय औसत से 575% (करीब 6 गुना) ज्यादा है।
देश के सबसे बड़े कोचिंग हब काेटा में 27,119 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इनमें सिर्फ एक को सबसे ज्यादा 706 अंक मिले हैं। कुल 74 छात्रों को 700+ अंक मिले हैं। कोटा में कुछ स्टूडेंट्स को -1 तो किसी को -18 तक अंक मिले हैं।
राजकोट के एक ही सेंटर पर 85% छात्र पास हुए हैं। यहां 12 छात्रों काे 700 से अधिक और 115 को 650 से अधिक अंक मिले। यहां कुल 1968 परीक्षार्थी थे। हरियाणा के रेवाड़ी के एक सेंटर के 264 में से 60 छात्रों को 600 से अधिक अंक मिले हैं।
सबके रिजल्ट से खुले राज, इस पर उठे सवाल
1. राजस्थान: 650+ अंक वाले 17% छात्र 3 शहरों के, कोटा से दोगुने सीकर में सफल
- सीकर में 600+ अंक वालों का औसत राष्ट्रीय औसत से 575% (करीब 6 गुना) अधिक है। मंगल चंद डिडवानिया विद्या मंदिर में 4 को 700+, 45 को 650+ और 115 को 600+ अंक मिले। अरावली पब्लिक स्कूल में 90 को 600+ अंक मिले हैं।
- एक अन्य केंद्र से 83 छात्रों को 600 से 700 के बीच अंक मिले। 650+ अंक पाने वालों के देश के टॉप-60 सेंटर में से 44 सीकर से हैं। यहां सफल छात्र कोटा से दोगुने हैं। देशभर में 650+ अंक वाले 17% से ज्यादा छात्र राजस्थान के सीकर, जयपुर और कोटा से हैं।
- NEET परीक्षामें शामिल हुए देश भर के 23.22 लाख छात्रों में से 30,204 को 650 अंक मिले। इन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 30,000 सीटों पर मौका मिलेगा। इन पर अकेले सीकर के 2037 परीक्षार्थी दावेदार होंगे।
2. बिहार: एक सेंटर पर 29 छात्रों को 650+ अंक
- पटना के 70 केंद्रों पर 48,643 ने परीक्षा दी। केवल 24 के 700+ अंक। 2086 को 600+ मिले। पटना के ही एएन कॉलेज सेंटर पर 29 छात्रों को और होली मिशन सेकेंडरी स्कूल के 21 छात्रों को 650+ अंक मिले।
3. गुजरात: 240 से अधिक को 600+ अंक
- आरके यूनिवर्सिटी सेंटर राजकोट के 259 से अधिक अभ्यर्थियों को 600+, 403 को 550+ अंक मिले। 12 को 700 अंक मिले हैं। यहां पास-पास बैठे परीक्षार्थियों को भी एक जैसे 600-600 अंक मिले हैं।
- राजकोट की एक छात्रा के 400 अंक बढ़े। 4 जून को आए रिजल्ट में 233 अंक थे। अब 633 अंक हैं। एक अन्य के 379 से बढ़ कर 460 अंक हो गए। कुल 16 छात्रों के परिणाम सुधरे और वे मेरिट में आ गए।
- गोधरा के जय जलाराम स्कूल स्थित सेंटर के 8 छात्रों को 600 से अधिक मिले हैं। यह सेंटर भी जांच के दायरे में हैं।
4. हरियाणा: रोहतक के एक सेंटर पर 45 को 600+ अंक मिले।
- झज्जर के हरदयाल पब्लिक स्कूल के एक भी छात्र को 700+ अंक नहीं। पहले 6 अभ्यर्थियों को 720 में से पूरे 720 अंक मिले थे। इसके चलते यह सेंटर जांच के घेरे में था। यहां रि-नीट के बाद किसी को इतने अंक नहीं।
प्रमुख शहरों के नतीजे
शहर | 700+ | 650+ |
सीकर | 149 | 2037 |
जयपुर | 131 | 1681 |
दिल्ली | 120 | 1326 |
कोटा | 74 | 1066 |
बेंगलुरु | 74 | 525 |
कोट्टायम | 61 | 544 |
अहमदाबाद | 53 | 273 |
पुणे | 41 | 386 |
कोझिकोड | 32 | 456 |
हिसार | 27 | 225 |
सूरत | 27 | 218 |
लातूर | 25 | 376 |
पटना | 24 | 744 |
जोधपुर | 22 | 315 |
नागपुर | 20 | 158 |
राजकोट | 19 | 186 |
NEET रिजल्ट को लेकर विवाद क्यों?
देशभर में 5 मई को 4,750 सेंटर्स पर NEET UG-2024 परीक्षा हुई थी। इसमें करीब 24 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। लोकसभा चुनाव के दिन, यानी 4 जून को इसके रिजल्ट घोषित किए गए। इसी को लेकर सबसे पहले विवाद शुरू हुआ, क्योंकि NEET का रिजल्ट संभावित तारीख से 10 दिन पहले चुनाव परिणाम के दिन जारी किया गया।
फिर पता चला कि 67 कैंडिडेट्स को 720 में से 720 अंक मिले हैं। इनमें छह कैंडिडेट्स ऐसे थे, जिनका सेंटर और बैठने का सिक्वेंस भी एक था। ये सवालों के घेरे में आ गया, क्योंकि 2019 के बाद से किसी भी साल में NEET के तीन से अधिक टॉपर नहीं हुए हैं।
इसमें भी खास बात ये थी कि इन 67 टॉपर में से 44 छात्रों को ग्रेस मार्क्स देकर टॉपर लिस्ट में शामिल किया गया। कुछ छात्रों को 718 या 719 जैसे अंक मिले जो कि NEET मार्किंग स्कीम के अनुसार संभव नहीं है।
इसके बाद NEET परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के आरोप लगे। फिलहाल, मामला सुप्रीम कोर्ट में है। जांच का जिम्मा CBI के पास है। सुप्रीम कोर्ट 22 जुलाई को NEET परीक्षा रद्द करने, दोबारा परीक्षा आयोजित करने और अदालत की निगरानी में जांच की मांग करने वाली याचिकाओं पर दलीलें सुनना फिर से शुरू करेगी।
क्यों जारी हुआ स्टेट वाइज रिजल्ट? रिजल्ट सेंटर या स्टेट वाइज जारी करने के पीछे सुप्रीम कोर्ट का क्या मकसद है? जानिए सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट विराग गुप्ता से…
राजस्थान के भरतपुर मेडिकल काॅलेज के दो छात्र सहित 3 गिरफ्तार
CBI ने शनिवार (20 जुलाई) को राजस्थान के भरतपुर मेडिकल काॅलेज के दो छात्रों कुमार मंगलम और दिपेंद्र सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। मंगलम और दिपेंद्र ने रांची मेडिकल काॅलेज की सुरभि के साथ नीट का पेपर हल किया था।
कुल 7 छात्रों ने 5 मई को पटना में पेपर हल किया था। तीसरे आरोपी की पहचान शशि कुमार पासवान के रूप में हुई है, जो सरगना को हर तरह की मदद मुहैया करा रहा था।
NEET मामले में अब तक 45 लोग गिरफ्तार
इससे पहले 18 जुलाई को CBI ने AIIMS पटना से चार छात्रों को गिरफ्तार किया था। चारों आरोपियों की पहचान करण जैन, कुमार शानू, राहुल आनंद और चंदन सिंह के रूप में हुई है, जो मुख्य आरोपी पंकज कुमार सिंह के लिए पेपर हल करते थे।
16 जुलाई को पंकज सिंह के साथ एक अन्य आरोपी राजू सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था। पंकज एक सिविल इंजीनियर है और NIT जमशेदपुर से ग्रेजुएट है। NEET पेपर लीक केस में CBI अब तक 45 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।