पाली में रविवार की सुबह एक मकान की छत गिर गई। इस दौरान पत्थर गिरने से 30 वर्षीय महिला और उसके बेटा घायल हो गए। पाली के बांगड़ हॉस्पिटल से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जोधपुर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार पाली जिले के खिंवाड़ा क्षेत्र के पाबू नाडा (बरी) निवासी 30 साल की संतोष पत्नी सुरेश भील अपने 4 साल के बेटे कुशल और 2 साल के बेटे किशन के साथ चारपाई पर बरामदे में सो रही थी। रविवार सुबह करीब 4 बजे अचानक बरामद के छत और पत्थर उन पर गिर गए। हादसे में महिला के पेट और सीने पर पत्थर के बड़े टुकड़े गिरे। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। वही 2 साल का किशन भी हादसे में चोटिल हो गया। उसके चेहरे और पैरों में चोट आई। लीवर-पेनक्रियाज डैमेज, जोधपुर रेफर
हादसे में महिला के सीने और पेट पर छत के पत्थर टूटकर गिरे। बांगड़ हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में डॉक्टरों ने उसका इलाज किया और आवश्यक जांच करवाई। जिससे सामने आया कि बड़े पत्थर महिला के पेट पर गिरने से उसका लीवर और पेनक्रियाज डैमेज हो गई। ऐसे में उसे जोधपुर रेफर किया। 15 दिन पहले ही बनाया था मकान
घायल महिला के पति सुरेश भील ने बताया कि करीब 15 दिन पहले ही उसने अपने प्लाट में एक कमरा और बरामद बनाया था। जिस पर सीमेंट की चद्दर की छत बनवाई थी और उस पर पत्थर रखे हुए थे। शनिवार रात को भी पूरा परिवार बरामदे में सो रहा था। एक चारपाई पर सुरेश सो रहा था और दूसरी चारपाई पर संतोष अपने दो बच्चों के साथ सो रही थी। हादसे में दो चद्दर टूट गई और उस पर रखे पत्थर संतोष और उसके बच्चे पर गिर गए।