Site icon Raj Daily News

आयुर्वेद विभाग में 73 लाख के गबन का आरोपी गिरफ्तार:वेतन फिक्सेशन में की थी गड़बड़ी, इनकम टैक्स के नोटिस से खुला मामला

f6dfd0c3 7142 4f7f 9faa 85779870ed761751373978377 1751378411 EKpMc0

करौली के आयुर्वेद विभाग में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के वेतन फिक्सेशन में 73.14 लाख रुपए के गबन के आरोपी निलंबित कनिष्ठ सहायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मुकेश कुमार शर्मा (48) करौली बस स्टैंड से पकड़ा गया। इससे पहले इसी मामले में सह-आरोपी सुरेशचंद मीना को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सातवें वेतन आयोग के फिक्सेशन में हेराफेरी की। इन्होंने फर्जी बिल बनाकर राशि को अपने और परिचितों के खातों में ट्रांसफर करवा लिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब सेवानिवृत्त कर्मचारियों बाबूलाल बैरवा, राजेन्द्र शर्मा और महेश गुप्ता को आयकर विभाग से नोटिस मिला। इसके बाद उन्होंने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। बैंक खातों की जांच में पता चला कि फर्जी भुगतान सीधे आरोपियों और उनके परिचितों के खातों में किया गया था। पूछताछ में मुकेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका और राशि की बरामदगी की जांच कर रही है।

Exit mobile version