डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इंटर्न डॉक्टर मंगलवार को हड़ताल पर उतर आए। इंटर्न डॉक्टरों ने अस्पताल के पोर्च पर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इससे अस्पताल में व्यवस्थाएं प्रभावित हुई। वहीं प्रिंसिपल के आने के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी समस्या बताई। प्रिंसिपल ने एक सप्ताह में समस्या का समाधान का भरोसा दिया। इसके बाद इंटर्न डॉक्टर मान गए और वापस काम पर लौट गए। डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इंटर्न कर रहे 100 से अधिक डॉक्टर मंगलवार को सुबह 8 बजते ही अस्पताल के पोर्च में इकट्ठा हो गए। स्टाइपेंड की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इंटर्न डॉक्टरों के हड़ताल पर उतरने से अस्पताल में व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। वार्डों में केवल अस्पताल के डॉक्टर ही रहे। इंटर्न डॉक्टरों के नहीं होने से मरीजों को भी कई तरह की परेशानी झेलनी पड़ी। इंटर्न डॉक्टरों ने बताया कि वे रोजाना अपनी ड्यूटी दे रहे हैं, लेकिन 4 महीने से उन्हें स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है। इसे लेकर उन्होंने कई बार कॉलेज प्रबंधन से बात की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल अस्पताल पहुंचे। यहां इंटर्न डॉक्टरों ने एक बार फिर स्टाइपेंड की समस्या बताई। प्रिंसिपल ने उनकी समस्या सुनते हुए एक सप्ताह में उसका समाधान करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद इंटर्न डॉक्टर फिर से काम पर लौट गए।