माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में शुक्रवार को तकनीकी खराबी आने की वजह से एयरलाइन कंपनियों का सर्वर डाउन चल रहा है। उसके चलते जोधपुर में भी एयरलाइंस कंपनियों को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जोधपुर में सर्वर डाउन होने की वजह से बोर्डिंग पास भी नहीं बन रहे हैं ऐसे में वैकल्पिक तौर पर मैन्युअल बोर्डिंग पास बना कर दिए जा रहे हैं। कई फ्लाइट के टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस ठप हुई दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट विंडोज के कुछ यूजर्स को अपने लैपटॉप पर नीली स्क्रीन दिखाई दे रही है। इससे उनके सिस्टम ऑटोमैटिकली रीस्टार्ट या शटडाउन हो गए हैं। डेल टेक्नोलॉजीज ने कहा कि यह समस्या हालिया क्राउडस्ट्राइक अपडेट के कारण हुई है। CrowdSrike एक साइबर सिक्योरिटी प्लेटफ़ॉर्म है जो यूजर्स को सिक्योरिटी सॉल्यूशन देता है। क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण ही माइक्रोसॉफ्ट के एज्योर क्लाउड और माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज में परेशानी आई है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, “हमें समस्या की जानकारी है और हमने कई टीमों को इसे सुलझाने में लगाया है। हमने इसके कारण का पता लगा लिया है।” इससे वहीं यूजर प्रभावित हुए हैं जो माइक्रोसॉफ्ट एज्योर का इस्तेमाल करते हैं।