C7B33E40 6616 497D 82A5 E5F18CD885A3 1750389499738 fYBjqH

किशनगढ़ के राजकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए ‘रानी लक्ष्मीबाई महिला शक्ति केंद्र’ की स्थापना की जाएगी। महिला वीरता और आत्मबल के प्रतीक इन केंद्रों के लिए जारी की गई गाइडलाइन में महिला सशक्तिकरण को लेकर विशेष प्रयास होंगे। प्रत्येक चयनित कॉलेज में छात्राओं की नेतृत्व क्षमता, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, कानूनी जानकारी जैसे विषयों पर कार्यशालाएं एवं सत्र आयोजित होंगे। कॉलेज प्राचार्य सीपी पोखरना ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राज्य के ब्लॉक स्तर के सरकारी कॉलेजों में इन केंद्रों को शुरू किया जा रहा है। कॉलेज शिक्षा आयुक्त ओमप्रकाश बैरवा ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत किशनगढ़ सहित अजमेर संभाग के 46 कॉलेजों में इस योजना को लागू किया जा रहा है। इस केंद्र के माध्यम से छात्राओं को आत्मरक्षा का चार सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो पुलिस विभाग और अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से संचालित होगा। प्रशिक्षण की शुरुआत बेसिक वार्मअप और आत्मरक्षा के महत्व को समझाने से होगी। इसके बाद अगले सप्ताहों में पंच, किक, ब्लॉक जैसी तकनीक सिखाई जाएंगी, ताकि छात्राएं हाथ, पैर, घुटनों और कोहनी की मदद से खुद की रक्षा कर सकें। तीसरे सप्ताह में आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों जैसे किसी हमले की स्थिति में खुद को छुड़ाने और बचाने के तरीके सिखाए जाएंगे। अंतिम सप्ताह में छात्राओं को सुरक्षा उपकरणों जैसे सेफ्टी पिन, पेपर स्प्रे और पेन के उपयोग की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे आपात स्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया दे सकें। इसके लिए कॉलेज में एक महिला कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति की जाएगी, जो इन गतिविधियों की निगरानी करेगी और प्रशिक्षण की निरंतरता सुनिश्चित करेगी। यदि कॉलेज में महिला स्टाफ उपलब्ध नहीं है, तो नजदीकी कॉलेज से महिला संकाय सदस्य को नामित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत 314 ब्लॉक स्तरीय कॉलेजों में ऐसे केंद्र खोले जा रहे हैं। इनमें अजमेर जिले के भिनाय, सावर, केकड़ी, श्रीनगर, मसूदा, रायपुर, जहाजपुर, शाहपुरा, डीडवाना, नावां, मकराना, लाडनूं, खींवसर, टोंक, टोडारायसिंह, उनियारा समेत अनेक कॉलेज शामिल हैं। इन केंद्रों में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण के अलावा कार्यशालाएं, प्रेरक सत्र और कानूनी जानकारी देने वाले कार्यक्रम भी किए जाएंगे।

Leave a Reply