दौसा जिले में मानसून सक्रिय होने के साथ रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। बुधवार दोपहर बाद जिला मुख्यालय पर करीब 15 मिनट तक मध्यम बारिश हुई। इसके साथ ही सैंथल क्षेत्र के रामपुरा, बोरोदा समेत आसपास के गांवों में तेज बारिश से खेतों में जलभराव हो गया। महुवा, बांदीकुई, सिकराय और लालसोट क्षेत्र में भी कई जगह बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं मौसम विभाग ने भी 3 दिन पूरे प्रदेश में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। बारिश के साथ तापमान भी स्थिर बना हुआ है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि बीत दिनों में 23 जून को सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा था। ऐसे में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं बारिश का दौर भी जारी रहेगा।