ab64dd7c 91fb 4c9b aa18 ef2ed9294daa1750224333839 1750232512 RCi3ON

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने धौलपुर जिले के जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। राजवीर सिंह राजावत को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे सत्येंद्र पाराशर की जगह लेंगे, जिन्हें विधानसभा चुनाव से पहले यह पद दिया गया था। राजवीर सिंह राजावत बसेड़ी कस्बे से आरएसएस के साथ जुड़े रहे हैं। सूत्रों के अनुसार आरएसएस की सिफारिश पर प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने दो अन्य जिलों में भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। झुंझुनूं से हर्षिनी कुल्हरी और जोधपुर देहात से ज्योति ज्याणी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। राजावत की नियुक्ति से कई स्थानीय नेताओं की दावेदारी खारिज हो गई है। नए जिला अध्यक्ष ने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे। पिछले जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर का कार्यकाल 20 महीने का रहा। उनके कार्यकाल में धौलपुर जिले की चारों विधानसभा सीटें भाजपा हार गई थी। लोकसभा चुनाव में भी करौली-धौलपुर संसदीय सीट पर पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा था। इन हारों के बाद से ही नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लग रही थीं। पाराशर ने दिया धन्यवाद निवर्तमान जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल की समाप्ति पर पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। पाराशर ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश नेतृत्व का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें दो साल तक राष्ट्र सेवा का अवसर दिया। साथ ही उन्होंने नए जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत को शुभकामनाएं दीं। निवर्तमान अध्यक्ष ने जिले के कार्यकर्ताओं से नए जिलाध्यक्ष को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में योगदान देने का आह्वान किया है। पाराशर ने कार्यकर्ताओं से निष्ठा और समर्पण भाव से राष्ट्र सेवा में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply