जालोर में एक दुकानदार को किडनैप कर लिया गया। मामला प्रेम प्रसंग का था। आरोपियों का प्लान उसे पहाड़ी से फेंकने का था। पुलिस की नाकाबंदी के चलते दुकानदार को मुक्त करा लिया गया। सात आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामला जालोर जिले के रामसीन थाना इलाके के गांव मोदरान का है। रामसीन थाना इंचार्ज कमल किशोर ने बताया- थाना इलाके के गांव मोदरान के रहने वाले किराना व्यापारी अशोक कुमार को 20 जुलाई की रात 9 बजे कुछ लोगों ने उसकी दुकान से किडनैप कर लिया था। परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया। इसके 8 घंटे बाद ही पुलिस ने अशोक को मुक्त करा लिया और 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किए 4 वाहन भी जब्त कर लिए। अशोक के भाई दिनेश मेघवाल पुत्र ओटाराम ने 20 जुलाई की रात मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया- 20 जुलाई की रात 9 बजे अशोक अपनी दुकान पर था। इस दौरान बोलेरो से अज्ञात लोग दुकान पर आए। वे अशोक को किडनैप कर ले गए। मामला दर्ज होने के बाद एसपी ज्ञानचंन्द्र यादव ने तुरन्त जिले में सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कराई। सीसीटीवी खंगाले। बोलेरो कार के मालिक का पता लगाया। वह खेरा बोरटा निवासी मुकेश कुमार भील था। मुकेश को पकड़ कर घटना में शामिल वाहन व लोगों की जानकारी ली। इसके बाद रामसीन थानाधिकारी कमल किशोर, जसवंतपुरा थानाधिकारी प्रताप सिंह जाप्ते के साथ दो अलग-अलग टीम लेकर फील्ड में निकले। नाकाबंदी में सभी आरोपी पकड़े गए। अशोक को मुक्त करा लिया गया। अशोक को पहाड़ी से गिराने का था प्लान थानाधिकारी कमल किशोर ने बताया- रामसीन थाना इलाके के गांव खेड़ा बोरटा के रहने वाले सकाराम मेघवाल की बेटी ममता घर से बिना बताए कुछ दिन पहले कहीं चली गई थी। परिवार को अशोक के बड़े भाई विक्रम पर ममता को भगाने का शक था। आरोपियों का प्लान था कि वे अशोक को माउंट आबू ले जाएंगे और पहाड़ी से गिरा देंगे। इनको किया गिरफ्तार
पुलिस ने प्रवीण कुमार पुत्र सकाराम, महेंन्द्र कुमार पुत्र झूठाराम, पारसमल पुत्र झूठाराम, राजू पुत्र वेलाराम, पदमाराम पुत्र जसाराम मेघवाल, मुकेश कुमार पुत्र धुकाराम भील, सायला थाना क्षेत्र के रेवतडा निवासी दिनेश कुमार पुत्र बगाजी मेघवाल को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त वाहन पिकअप, ट्रॉला और 2 कारों को जब्त किया है। यह रहे कार्यवाही टीम में
कार्रवाई में एसपी ज्ञानचंन्द्र यादव, एएसपी रामेश्वरलाल ने जिले में नाकाबंदी कराई। भीनमाल थाना एएसआई घेवाराम, कॉन्स्टेबल राकेश कुमार, गोपीचंद, रामसीन थानाधिकारी कमल किशोर, जसवंतपुरा थानाधिकारी प्रतापसिंह की खास भूमिका रही।
