बारां जिले में हुई वन्यजीव गणना में पिछले साल की तुलना में वन्य जीवों की संख्या में वृद्धि देखी गई है। शेरगढ़ अभयारण्य में पहली बार 6 रेड हेडेड वल्चर की उपस्थिति दर्ज की गई है। जिले में कुल 7,632 वन्यजीव पाए गए हैं। इनमें 1,286 काला हिरण, 1,058 नीलगाय, 640 चिंकारा, 603 जंगली सूअर और 733 लंगूर शामिल हैं। विभिन्न प्रजातियों के 248 गिद्ध भी दिखाई दिए। शाहाबाद क्षेत्र में 2 भालू और 5 लेपर्ड विभिन्न स्थानों पर देखे गए। वन विभाग ने 94 वाटर प्वाइंट पर 24 घंटे की गणना की। यह गणना बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक चली। शेरगढ़ अभयारण्य में 8 लेपर्ड की उपस्थिति दर्ज की गई है। पिछले 2 महीनों से 25 कैमरा ट्रैप से वन्यजीवों की गतिविधियां रिकॉर्ड की जा रही है। इनमें सियार, नेवला, जंगली खरगोश, जंगली सूअर, सेही, जरख, लोमड़ी, भेड़िया और विभिन्न प्रकार के गिद्ध कैमरे में कैद हुए हैं। चीता प्रोजेक्ट के तहत शेरगढ़ में दो बड़े तेंदुआ-प्रूफ हर्बीवोर एनक्लोजर बनाए जाएंगे। इन एनक्लोजर में चीतल और सांभर को बाहर से लाकर छोड़ा जाएगा, जिससे चीतों के लिए शिकार आधार तैयार किया जा सके।