सावन के पहले सोमवार पर उदयपुर शहर और आसपास के शिव मंदिरों में आज खास आयोजन हुए। शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही तो उदयपुर के महाकाल मंदिर में भगवान ने मंदिर परिसर में ही भ्रमण किया।
भक्तों से खचाखच भरे भगवान महाकालेश्वर मंदिर में सावन के प्रथम सोमवार को भगवान आशुतोष ने भ्रमण किया। दोपहर अभिजीत मुहूर्त में हर-हर महादेव, बम-बम भोले के उद्घोष के साथ प्रभु के विग्रह रूप को रजत पालकी में विराजित कर भ्रमण शुरू हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। मंदिर में तडके से ही भक्तों की भीड उमडने लगी। भक्तों ने गर्भगृह के बाहर से जलाभिषेक किया। इसके बाद सुबह से विशेष अनुष्ठान हुए। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लघुरूद्र पाठ से भगवान का अभिषेक किया गया। इसके साथ ही मंदिर में पार्थिव शिवलिंग की पूजा-अनुष्ठान भी जारी रहे। सुबह 11.15 बजे भगवान के विग्रह स्वरूप को रजत पालकी में विराजित कर अर्द्धनारीश्वर श्रृंगार धराया इसके साथ ही पालकी में विराजित विग्रहस्वरूप की पूजा अर्चना की गई। दोपहर ठीक 12.15 बजे आरती के साथ ही पालकी में विराजित भगवान् को भ्रमण के लिए ले जाया गया। इस दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सर्वप्रथम पालकी को गर्भगृह में विराजित भगवान् महाकालेश्वर के सम्मुख ले जाया गया। वहां जयकारों के साथ विग्रह स्वरूप को पालकी में झुलाया गया। इसके बाद भगवान को मन्दिर परिसर में ही भ्रमण करवाया गया। भ्रमण के समापन पर सभा मण्डप में भगवान को भोग धरा कर विशेष आरती की गई। एक ओर जहां भगवान् के जयकारें गूंज रहे थे वहीं दूसरी ओर ढोल की धुन पर महिला श्रृद्धालु भगवान् की भक्ति में लीन होकर नृत्य कर रही थी। देवस्थान ने कराया रूद्राअभिषेक
महाकाल मंदिर में सुबह 10 बजे से देवस्थान विभाग की और से विद्धान पण्डितों के सानिध्य में रूद्राअभिषेक हुआ। इस दौरान सहायक आयुक्त जतिन गांधी सहित विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। शाही सवारी का पोस्टर का विमोचन
सावन के प्रथम सोमवार को ही भगवान आशुतोष की अंतिम सोमवार 4 अगस्त को निकलने वाली शाही सवारी के पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके साथ ही शाही सवारी के तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस दौरान प्रन्यास अध्यक्ष तेजसिंह सरूपरिया, सचिव चन्द्रशेखर दाधिच सहित बडी संख्या में श्रृद्धालु मौजूद थे। राजराजेश्वर महादेव मंदिर पर रुद्राभिषेक
इधर, विप्र सेना शहर जिला के तत्वाधान में रावजी का हाटा स्थित राजराजेश्वर महादेव मंदिर पर जन मंगल कल्याण निमित्त सावन मास के उपलक्ष में रुद्राभिषेक का पाठ का आयोजन किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष प्रदीप श्रीमाली में कहा कि जनमंगल कल्याण निमित्त सावन मास के उपलक्ष में प्रतिदिन रुद्राभिषेक आचार्य पंडित नरेश श्रीमाली के तत्वावधान में किया जा रहा है। आज सावन के प्रथम सोमवार पर दुग्धाभिषेक किया गया। तस्वीरों में देखिए सावन का पहला सोमवार उदयपुर में